Vrindavan में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर बड़ा एक्शन, 19 होटल और गेस्ट हाउस सील
UP/Vrindavan: लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद प्रशासन अब वृंदावन में सुरक्षा जांच के लिए सख्त हो गया है। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA), नगर निगम और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ा अभियान चलाते हुए 19 होटल, रेस
UP/Vrindavan: लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद प्रशासन अब वृंदावन में सुरक्षा जांच के लिए सख्त हो गया है। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA), नगर निगम और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ा अभियान चलाते हुए 19 होटल, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस को सील कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद कई होटल संचालकों ने डर के मारे अपनी बुकिंग रद्द कर दी है।
यह पूरी कार्रवाई बुधवार, 24 जून से शुरू हुई और गुरुवार, 25 जून तक चली। टीम ने चैतन्य विहार और रुक्मिणी विहार जैसे इलाकों में सघन जांच की। जिन प्रतिष्ठानों के पास अग्नि सुरक्षा एनओसी (NOC) नहीं थी या जिन्होंने स्वीकृत नक्शे के खिलाफ निर्माण किया था, उन्हें तुरंत सील कर दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा और एमवीडीए सचिव अरविंद द्विवेदी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवासीय कॉलोनियों में अवैध तरीके से चल रहे कमर्शियल काम और बिना नक्शे के बने भवनों पर कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान एक अस्पताल की भी जांच की गई जो आवासीय प्लॉट पर चल रहा था और वहां सुरक्षा मानकों की भारी कमी पाई गई, जिसके बाद उसे भी सीलिंग के आदेश दिए गए।
कार्रवाई के दौरान कुछ होटल मालिकों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने अपना काम पूरा किया। कई संचालक तो कार्रवाई के डर से अपने होटलों में ताला लगाकर फरार हो गए। एमवीडीए सचिव ने चेतावनी दी है कि अगर किसी ने सील तोड़ी या नियमों का उल्लंघन किया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान उत्तर प्रदेश के उस बड़े अभियान का हिस्सा है जिसमें अब तक राज्य भर में 335 से ज्यादा भवनों को सील किया जा चुका है।