US में 1.91 करोड़ कमाने वाला देसी टेकिए गिरफ्तार, भारत में भेजे थे 1,500 फर्जी बम धमकी वाले ईमेल

Tamil Nadu: अमेरिका में रहने वाले एक भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को तमिलनाडु पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति ने पिछले दो सालों में भारत की अलग-अलग एजेंसियों को 1,500 से ज्यादा फर्जी ईमेल भेजे थे। आरोपी की सालाना कमाई

Tamil Nadu: अमेरिका में रहने वाले एक भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को तमिलनाडु पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति ने पिछले दो सालों में भारत की अलग-अलग एजेंसियों को 1,500 से ज्यादा फर्जी ईमेल भेजे थे। आरोपी की सालाना कमाई करीब 2 लाख डॉलर यानी 1.91 करोड़ रुपये थी, लेकिन एक छोटी सी गलती ने उसे पुलिस के हत्थे चढ़ा दिया।

पकड़े गए व्यक्ति का नाम Sharath Subramanian Shankar है। वह मूल रूप से तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले का रहने वाला है और अमेरिका के टेक्सास में एक टेक कंपनी में काम करता था। उसे 22 जुलाई 2026 को चेन्नई एयरपोर्ट पर उतरते ही तमिलनाडु Anti-Terrorism Squad (ATS) ने हिरासत में ले लिया। 28 जुलाई को जॉर्ज टाउन कोर्ट ने उसे छह दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

जांच में सामने आया कि शरत ने 2023 से 2025 के बीच हवाई अड्डों, स्कूलों, सरकारी दफ्तरों और कॉलेजों को निशाना बनाया। उसने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को भी धमकी दी थी, जिसमें 10 जून को दावा किया गया था कि बिल्डिंग में RDX रखा गया है। इसके अलावा उसने केरल के मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन और तमिलनाडु के पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन जैसे बड़े नेताओं को भी ईमेल भेजे थे।

अपनी पहचान छिपाने के लिए यह टेकिए VPN, Tor नेटवर्क और विदेशी सर्वर का इस्तेमाल करता था। लेकिन करीब आठ महीने पहले उसने मुंबई पुलिस के एक अधिकारी को जवाब देते समय गलती से अपनी पर्सनल ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर लिया। इसी एक चूक की वजह से पुलिस को उसके बारे में सुराग मिला। इसके बाद तमिलनाडु पुलिस ने छह महीने तक उसकी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखी और देशभर के एयरपोर्ट पर लुक आउट सर्कुलर जारी किया।

पुलिस के मुताबिक, शरत भारतीय सिस्टम की कथित विफलताओं से नाराज था और इसी वजह से वह राजनीतिक विवादों और चर्चित मामलों को जोड़कर धमकी भरे ईमेल भेजता था। मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच भी उसे अपनी हिरासत में लेना चाहती है क्योंकि मुंबई में उसके खिलाफ करीब 32 मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस काम में उसके साथ कोई और भी शामिल था।