UP में भारी बारिश से लखनऊ की सड़कें जलमग्न, 12 जिलों के लिए Orange Alert जारी

UP: उत्तर प्रदेश में रविवार सुबह हुई जोरदार बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से तो राहत दिलाई, लेकिन सड़कों पर जलभराव ने मुसीबत खड़ी कर दी। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे शहर की सड़कें पान

UP: उत्तर प्रदेश में रविवार सुबह हुई जोरदार बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से तो राहत दिलाई, लेकिन सड़कों पर जलभराव ने मुसीबत खड़ी कर दी। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है और इसका असर 40 से ज्यादा जिलों में दिख रहा है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के 12 जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसमें गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत शामिल हैं। इन इलाकों में बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। वहीं लखनऊ, कानपुर और प्रयागराज समेत 19 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

क्षेत्रीय मौसम केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है, जिसकी वजह से मॉनसून की गतिविधियां तेज हुई हैं। 19 अगस्त तक और कुछ जगहों पर 21 अगस्त तक बारिश जारी रह सकती है। आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।

स्थान दर्ज की गई बारिश (मिमी)
सीतापुर (भटपुरवाघाट) 124.6
गोरखपुर (बर्डघाट) 101.8
सीतापुर (नैमिषारण्य) 85.6
लखनऊ (अमौसी) 48.4
लखनऊ (केंद्रीय वेधशाला) 36.2

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बिजली कड़कने और तेज बारिश के दौरान सुरक्षित पक्के घरों में रहने को कहा गया है। साथ ही, किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी फसलों को बचाने के लिए खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने का इंतजाम करें। IMD ने 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी भविष्यवाणी की है।