UP में मानसून कमजोर पड़ने से बढ़ी उमस, IMD ने 4 अगस्त के बाद भारी बारिश का जताया अनुमान

उत्तर प्रदेश: राज्य में पिछले 10 दिनों की अच्छी बारिश के बाद अब मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। इस वजह से लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ रहा है। लखनऊ समेत कई शहरों में दोपहर के समय तेज धूप निकलने से परेशानी बढ़ गई

उत्तर प्रदेश: राज्य में पिछले 10 दिनों की अच्छी बारिश के बाद अब मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। इस वजह से लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ रहा है। लखनऊ समेत कई शहरों में दोपहर के समय तेज धूप निकलने से परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश होगी, लेकिन 4 अगस्त के बाद एक बार फिर जोरदार बारिश शुरू होगी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 30 जुलाई से 3 अगस्त तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में व्यापक बारिश की संभावना कम है। इस दौरान केवल पश्चिमी तराई और उत्तर-पश्चिमी जिलों में अच्छी वर्षा हो सकती है। लखनऊ में भी 3 अगस्त तक रुक-रुक कर हल्की बारिश का अनुमान है। हवा में नमी की मात्रा 70% से 86% तक रहने के कारण बारिश न होने पर उमस ज्यादा महसूस होगी।

मौसम विभाग ने बताया कि 2 अगस्त से मानसून फिर से अपनी रफ्तार पकड़ेगा और 4 अगस्त के बाद प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ में 4 अगस्त को गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी यूपी में 1 से 4 अगस्त और पूर्वी यूपी में 2 से 4 अगस्त के बीच कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

आज यानी 30 जुलाई को भी कई जिलों में मौसम बदला रहेगा। सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बागपत, सीतापुर, मेरठ, कानपुर, महोबा, जालौन, बांदा, आगरा, चित्रकूट, अलीगढ़ और संभल जैसे जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति में है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी की वजह से 1 अगस्त तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और नोएडा जैसे बड़े शहरों में अगले 24 घंटों में बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

प्रशासन और मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही खेती के काम करें और गरज-चमक के समय खुले मैदानों में न जाएं। आम लोगों को भी तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने को कहा गया है।