UP में मौसम बदला, 59 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, तापमान में आई गिरावट

UP: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। लखनऊ और कानपुर समेत कई जिलों में देर शाम बारिश हुई, जिसके बाद तापमान नीचे गिर गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को प्रदेश

UP: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। लखनऊ और कानपुर समेत कई जिलों में देर शाम बारिश हुई, जिसके बाद तापमान नीचे गिर गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को प्रदेश के 59 जिलों के लिए बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

IMD के लखनऊ क्षेत्रीय केंद्र के मुताबिक, अगले सात दिनों तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा। 6 जुलाई को देवरिया, मऊ, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, बरेली, पीलीभीत, बहराइच और श्रावस्ती में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं लखनऊ, गौतमबुद्ध नगर, सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर जैसे कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि 7 और 8 जुलाई से बारिश का दायरा और बढ़ेगा, खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में ज्यादा असर दिखेगा। 9 से 11 जुलाई के बीच पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ वर्षा होगी। 10 और 11 जुलाई को पूर्वी यूपी में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटों की बात करें तो आगरा के बाह, मुजफ्फरनगर और खीरी के मोहम्मदी में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रायबरेली और बिजनौर के चांदपुर में 2 सेमी बारिश हुई। तापमान की बात करें तो प्रयागराज सबसे गर्म जिला रहा जहां पारा 40.4°C तक गया, जबकि कानपुर में न्यूनतम तापमान 24°C दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतें। खराब मौसम के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।