UP के 50 जिलों में भारी बारिश का Yellow Alert, लखनऊ समेत कई शहरों में बिजली गिरने की संभावना

UP: उत्तर प्रदेश में सावन की शुरुआत के साथ ही मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने लखनऊ समेत प्रदेश के 50 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए पीला अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों

UP: उत्तर प्रदेश में सावन की शुरुआत के साथ ही मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने लखनऊ समेत प्रदेश के 50 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए पीला अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश होगी, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार 5 अगस्त से शुक्रवार 7 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 5 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं 6 अगस्त को पश्चिमी यूपी में बहुत भारी और पूर्वी यूपी में भारी बारिश हो सकती है। 7 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहेगा, जिसके बाद बारिश की रफ्तार कम होने की संभावना है।

लखनऊ क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश होगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसूनी ट्रफ रेखा अब बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ और पटना से होते हुए मणिपुर तक फैली है, जिससे बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। इसके अलावा दक्षिणी उत्तर प्रदेश पर एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण भी बन रहा है, जो बारिश को बढ़ावा दे रहा है।

आज लखनऊ सहित 50 जिलों में भारी बारिश का पीला अलर्ट है और 36 जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका है। पूर्वी और मध्य यूपी के 14 जिलों में सुबह 7 से 10 बजे के बीच वज्रपात के साथ भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया था।

बारिश के कारण तापमान में भी कमी आई है। लखनऊ में इस सीजन की पहली बड़ी बारिश के रूप में 66.2 मिलीमीटर पानी गिरा, जिससे अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस गिरकर 29.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं कन्नौज में 125 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

प्रदेश के कई प्रमुख जिलों जैसे प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, कुशीनगर, खीरी, सहारनपुर, बस्ती, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बहराइच, लखीमपुर, सीतापुर, श्रावस्ती, हरदोई, बाराबंकी, लखनऊ, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, बरेली और शाहजहांपुर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।