UP में भारी बारिश का अलर्ट, लखनऊ समेत कई जिलों में 10 अगस्त तक झमाझम बारिश की संभावना

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और राज्य के अलग-अलग हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र ने 9 और 10 अगस्त के लिए अलर्ट जारी किया है। लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में अगले दो द

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और राज्य के अलग-अलग हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र ने 9 और 10 अगस्त के लिए अलर्ट जारी किया है। लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में अगले दो दिन मौसम का मिजाज बदला रहेगा और भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 9 अगस्त को लखनऊ में तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बारिश की संभावना है। बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, सहारनपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं। IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी है।

10 अगस्त को लखनऊ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव और कम दृश्यता के कारण सावधानी बरतने की सलाह दी है।

भारी बारिश के साथ-साथ तूफानी हवाओं का भी खतरा है। उत्तर प्रदेश समेत 15 राज्यों में अलर्ट है, जहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मैदानी इलाकों में बिजली गिरने (वज्रपात) और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना रहेगा।

किसानों के लिए भी जरूरी सलाह जारी की गई है। उन्हें खेतों से पानी निकालने का इंतजाम करने और फसलों को सहारा देने को कहा गया है। साथ ही बारिश के दौरान कीटनाशकों और उर्वरकों का छिड़काव न करने की सलाह दी गई है।