UP में लखनऊ-अयोध्या समेत 40 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने लखनऊ और अयोध्या समेत राज्य के करीब 40 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोगों को सुरक्षित रहने और मौसम की जानकारी लेते रहने की सला

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने लखनऊ और अयोध्या समेत राज्य के करीब 40 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोगों को सुरक्षित रहने और मौसम की जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है। बारिश का यह सिलसिला 31 जुलाई तक जारी रह सकता है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी तंत्र और मानसूनी ट्रफ की वजह से पूरे प्रदेश में बारिश बढ़ेगी। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के साथ अवध क्षेत्र में इसका ज्यादा असर दिखेगा। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 85 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है।

IMD ने अलग-अलग जिलों के लिए अलग-अलग अलर्ट जारी किए हैं। सोनभद्र, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां अगले तीन दिनों तक बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, लखीमपुर खीरी, मेरठ, पीलीभीत, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जैसे 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी हुआ है।

लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, आगरा और अलीगढ़ समेत लगभग 60 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बारिश से तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। पूर्वी यूपी में 27-29 जुलाई और फिर 1-2 अगस्त को ज्यादा बारिश होगी, जबकि पश्चिमी यूपी में 28 जुलाई से 2 अगस्त तक बारिश की उम्मीद है।