UP के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी, रविवार से घटेगा मानसून का असर
UP : उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक प्रदेश के 63 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना
UP : उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक प्रदेश के 63 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, रविवार 9 अगस्त से बारिश का दायरा कम होना शुरू हो जाएगा।
मौसम विभाग ने बताया कि आज पूर्वांचल के इलाकों में मानसूनी गतिविधियां ज्यादा तेज रहेंगी। प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, औरैया, जालौन और हमीरपुर जैसे जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है और 11 घंटे तक लगातार बारिश होने की आशंका है।
भारी बारिश के कारण जलभराव और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। किसानों को अपने खेतों में पानी की निकासी का इंतजाम रखने को कहा गया है। स्कूलों की छुट्टी को लेकर कोई केंद्रीय आदेश नहीं है, इस पर फैसला जिला प्रशासन और स्थानीय सरकार ही लेगी।
मौसम में इस बदलाव की वजह दक्षिण-पश्चिमी यूपी और आसपास के इलाकों में बना एक निम्न दबाव का क्षेत्र है। IMD के अनुसार अगले 4-5 दिनों तक गंगा के मैदानी इलाकों में मानसूनी प्रवाह सक्रिय रहेगा, जिससे पूरे प्रदेश में रुक-रुककर मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।