UP में मनाया गया ‘व्यापारी कल्याण दिवस’, योगी सरकार के फैसले का व्यापारियों ने किया स्वागत

UP/Lucknow: उत्तर प्रदेश में 29 जून 2026 को ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ मनाया गया। इस खास मौके पर लखनऊ के हजरतगंज स्थित अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के मुख्यालय में एक बड़ा कार्यक्रम हुआ। व्यापारियों और संगठन क

UP/Lucknow: उत्तर प्रदेश में 29 जून 2026 को ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ मनाया गया। इस खास मौके पर लखनऊ के हजरतगंज स्थित अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के मुख्यालय में एक बड़ा कार्यक्रम हुआ। व्यापारियों और संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस निर्णय का स्वागत किया और उनका आभार जताया।

यह दिन दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर मनाया गया, जिसे राज्य सरकार ने आधिकारिक तौर पर घोषित किया है। कैबिनेट बैठक में मिली मंजूरी के बाद अब इसे पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा है। इस पहल का मकसद व्यापार और उद्यमिता की परंपरा को सम्मान देना और समाज में व्यापारियों के योगदान को पहचान दिलाना है। सरकार चाहती है कि युवा पीढ़ी दान, सेवा और राष्ट्रहित जैसे मूल्यों को समझे और उनसे जुड़े।

प्रदेश के सभी जिलों और तहसीलों में इस अवसर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारियों की देखरेख में संबंधित विभागों ने इन आयोजनों को सफल बनाया। इस दौरान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) के उत्पादों की प्रदर्शनियां लगाई गईं और बिक्री स्टॉल भी लगाए गए। साथ ही भामाशाह के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे संगीत-नाटक और लोककलाओं का आयोजन हुआ। चित्रकला, निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।

राज्य कर विभाग ने इस अवसर पर ‘भामाशाह पुरस्कार’ दिए, जिनके लिए चयन प्रक्रिया पूरी की गई थी। सरकार ने व्यापारिक संगठनों और उद्योग जगत से इस अभियान में जुड़ने की अपील की थी। कई व्यापारियों ने अपने दुकानों पर बैनर और होर्डिंग्स लगाए और लोगों को मिठाई, शर्बत और फल बांटे। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत गर्ग ने इस दौरान कहा कि व्यापारियों के उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाना चाहिए।