Lucknow में असलहा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, UP STF ने 4 बदमाशों को किया गिरफ्तार

UP/Lucknow : यूपी एसटीएफ ने राजधानी लखनऊ में हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ लिया है। पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है जो शहर में रंगदारी और जमीन कब्जाने जैसे अपराधों के

UP/Lucknow : यूपी एसटीएफ ने राजधानी लखनऊ में हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ लिया है। पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है जो शहर में रंगदारी और जमीन कब्जाने जैसे अपराधों के लिए अवैध हथियारों की सप्लाई करते थे। यह पूरी कार्रवाई 1 जुलाई की रात को लखनऊ के इंदिरा नगर और गाजीपुर थाना क्षेत्र में की गई।

एसटीएफ ने इस ऑपरेशन के दौरान नितिन कुंडी नाम के व्यक्ति को गिरोह का मुख्य सरगना बताया है। नितिन का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले पुलिस मुठभेड़ में घायल भी हो चुका है। उसके खिलाफ चिनहट और गाजीपुर समेत कई थानों में एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों में संदेश प्रताप सिंह, विवेक प्रजापति और प्रिंस गुप्ता शामिल हैं। इनमें से संदेश प्रताप सिंह एक रियल एस्टेट कंपनी में पार्टनर है और जमीनों पर कब्जा करने के लिए इन हथियारों का इस्तेमाल करता था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से 2 ऑटोमैटिक पिस्टल (.32 बोर), 4 मैगजीन, 50 जिंदा कारतूस और 7 खोखा कारतूस मिले हैं। इसके अलावा एक Honda City कार, 5 मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी जब्त की गई है।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार नागर ने बताया कि यह गिरोह गोरखपुर के अभिषेक उर्फ अभि से हथियार खरीदता था। गोरखपुर से 25,000 रुपये में खरीदी गई पिस्टल को ये लोग लखनऊ में 60,000 रुपये में बेचते थे। वहीं 300 रुपये में खरीदे गए कारतूसों को 500 रुपये में बेचा जाता था। अधिकारियों के मुताबिक ये सभी आरोपी माफिया बाबू सिंह के संरक्षण में वसूली और अवैध कब्जे का काम करते थे। फिलहाल गाजीपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस गिरोह के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।