UP प्रो हैंडबॉल लीग का दूसरा सीजन जनवरी 2027 में, पहली बार लखनऊ और कन्नौज की टीमें होंगी शामिल

UP: उत्तर प्रदेश में हैंडबॉल खेल को बढ़ावा देने के लिए यूपी प्रो हैंडबॉल लीग का दूसरा सीजन जनवरी 2027 में लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। इस बार प्रतियोगिता और भी बड़ी होगी क्योंकि टीमों की संख्या छह से बढ़ाकर आठ कर दी गई है

UP: उत्तर प्रदेश में हैंडबॉल खेल को बढ़ावा देने के लिए यूपी प्रो हैंडबॉल लीग का दूसरा सीजन जनवरी 2027 में लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। इस बार प्रतियोगिता और भी बड़ी होगी क्योंकि टीमों की संख्या छह से बढ़ाकर आठ कर दी गई है। इसमें पहली बार लखनऊ और कन्नौज की टीमें भी हिस्सा लेंगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मौका मिलेगा।

खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 15 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इसके बाद सितंबर और अक्टूबर 2026 के दौरान गोरखपुर, अयोध्या और लखनऊ में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों की नीलामी दिसंबर 2026 में वाराणसी में होगी। लीग के नियमों के मुताबिक, हर टीम में कुल 18 खिलाड़ी होंगे, जिनमें से नौ उत्तर प्रदेश के और नौ अन्य राज्यों या विभागों से लिए जाएंगे। नीलामी के लिए प्रत्येक टीम को 5 लाख रुपये का पर्स मिलेगा, जिससे कुल नीलामी राशि 40 लाख रुपये होगी।

पुरस्कार राशि की बात करें तो विजेता टीम को 2.50 लाख रुपये और उपविजेता को 1.50 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा, आइकॉनिक ओलंपिक गेम्स अकादमी की ओर से दोनों टीमों को 50-50 हजार रुपये का अतिरिक्त नकद पुरस्कार मिलेगा।

लीग के सीईओ डॉ. आनंदेश्वर पांडेय ने बताया कि पहले सीजन की सफलता के बाद इस बार आयोजन और भव्य होगा, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। लीग के संस्थापक अमित पांडेय ने कहा कि उनका मकसद उत्तर प्रदेश को हैंडबॉल का मुख्य केंद्र बनाना है। इस आयोजन का संचालन उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन और एस.एन. पांडेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है।