UP पुलिस भर्ती परिणाम पर अफवाह फैलाने वालों पर एक्शन, लखनऊ में कई X और Facebook यूजर्स के खिलाफ FIR दर्ज
UP/Lucknow : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने सब-इंस्पेक्टर (SI) सीधी भर्ती-2025 के नतीजों को लेकर सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। बोर्ड ने भ्रामक पोस्ट डालने क
UP/Lucknow : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने सब-इंस्पेक्टर (SI) सीधी भर्ती-2025 के नतीजों को लेकर सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। बोर्ड ने भ्रामक पोस्ट डालने के आरोप में लखनऊ के हुसैनगंज थाने में कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। बोर्ड ने साफ किया है कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर किसी भी तरह की अफवाह बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सबसे पहले 12 मई 2026 को X यूजर ‘ADV RK Rajput’ (@rakesh_w07) के खिलाफ केस दर्ज हुआ। उन पर लिखित परीक्षा के परिणामों के बारे में मनगढ़ंत बातें फैलाने का आरोप है। यह FIR भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 292, 353(1)(b) और IT एक्ट की धारा 66D के तहत दर्ज की गई है। हालांकि, मुरादाबाद के इस वकील ने अपने दावों को छात्रों के हित में बताया था, लेकिन बोर्ड ने इसे पूरी तरह निराधार करार दिया है।
इसके अलावा 8 मई 2026 को ‘SI राधा पासवान’ (@Vardaan1430) नाम के X हैंडल से भ्रामक पोस्ट डालने वाले एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ। वहीं 11 मई को फेसबुक यूजर आशुतोष पांडे ने भर्ती में धांधली का दावा करते हुए एक वीडियो शेयर किया था, जिस पर भी पुलिस ने एक्शन लिया है।
UPPRPB ने सभी उम्मीदवारों को चेतावनी दी है कि वे सोशल मीडिया की अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें। बोर्ड ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी हर सही जानकारी केवल उनकी आधिकारिक वेबसाइट पर ही आएगी। अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह की फर्जी पोस्ट से मेहनत करने वाले छात्रों में बेवजह डर और भ्रम पैदा होता है, जिससे भर्ती प्रक्रिया की साख गिरती है।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर किसी के पास भर्ती में गड़बड़ी का कोई ठोस सबूत या दस्तावेज है, तो वह उसे सोशल मीडिया पर डालने के बजाय सीधे बोर्ड के पास औपचारिक तरीके से जमा करे। बता दें कि इस भर्ती अभियान में 4,543 पदों को भरा जाना था, जिसकी लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को हुई थी और परिणाम 7 मई 2026 को जारी किए गए थे।