UP में मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, लखनऊ और प्रयागराज समेत कई जिलों में पूरे हफ्ते बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश: यूपी में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है जिससे लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तर प्रदेश: यूपी में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है जिससे लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। खासकर पूर्वांचल के इलाकों में आने वाले वीकेंड पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) और लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक, 7 जुलाई से अगले एक हफ्ते तक राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होगी। विभाग ने प्रदेश के 55 से ज्यादा जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। 7 जुलाई को कई जगहों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब अवदाब (डिप्रेशन) में बदल गया है, जिसकी वजह से दक्षिणी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज हो गई हैं।
बारिश के इस दौर का असर पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों जगह दिखेगा। पूर्वी यूपी में 10 और 11 जुलाई को कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में 8 और 9 जुलाई को कुछ इलाकों में जोरदार बारिश का अनुमान है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो मिर्जापुर के चुनार और हमीरपुर के राठ में सबसे ज्यादा 120 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं लखनऊ में 24 मिमी और प्रयागराज में करीब 9 मिमी तक बारिश हुई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से आने वाले कुछ दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। स्कूलों की छुट्टियों को लेकर राज्य स्तर से कोई आदेश नहीं आया है, लेकिन जिला प्रशासन जरूरत पड़ने पर अपने स्तर पर फैसला ले सकता है।