UP में फिर सक्रिय होगा मानसून, लखनऊ समेत 60 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

UP : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार, 27 जुलाई से प्रदेश के लगभग 60 जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। यह

UP : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार, 27 जुलाई से प्रदेश के लगभग 60 जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। यह सिलसिला 31 जुलाई तक जारी रह सकता है, जिससे आम जनजीवन और खेती दोनों पर असर पड़ेगा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश के साथ-साथ वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिणी-पश्चिमी राजस्थान में बने निम्न दाब क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के मजबूत होने की वजह से बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। लखनऊ सहित पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में भारी बारिश होगी, जबकि तराई और पूर्वी यूपी के जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने लगभग 30 जिलों में बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर हवा की गति 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने और बिजली गुल होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

पिछले 24 घंटों की बात करें तो 26 जुलाई को भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के लिए येलो अलर्ट था। लखनऊ में दिनभर उमस रहेगी, लेकिन दोपहर बाद बारिश की संभावना 50 फीसदी तक है, वहीं कानपुर में शाम या रात तक हल्की बारिश हो सकती है।

आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 24 जुलाई तक यूपी में सामान्य से 19% कम बारिश दर्ज की गई है। अब मानसून के फिर से सक्रिय होने से खरीफ की फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है।