UP के 55 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, लखनऊ-वाराणसी और प्रयागराज में आंधी-तूफान की चेतावनी
UP: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मानसून की सुस्ती के बाद अब बारिश फिर से रफ्तार पकड़ने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार, 7 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्
UP: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मानसून की सुस्ती के बाद अब बारिश फिर से रफ्तार पकड़ने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार, 7 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। गुरुवार से पूरे राज्य में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 55 से ज्यादा जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 7 जुलाई से 12 जुलाई तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। खासकर पूर्वांचल, तराई और दक्षिणी यूपी के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 8 और 9 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में ज्यादा बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने अलग-अलग क्षेत्रों के लिए खास चेतावनी जारी की है। वाराणसी, प्रयागराज और लखनऊ में आंधी-तूफान का अलर्ट है। पूर्वांचल और बुंदेलखंड के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में बिजली गिरने और आंधी-तूफान का सबसे ज्यादा खतरा है।
मध्य यूपी के लखनऊ, कानपुर, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर में मध्यम से भारी बारिश होगी। वहीं पश्चिमी यूपी और रूहेलखंड के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजीपुर, हापुड़, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत में तेज हवाओं के साथ जोरदार बौछारें पड़ सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर तक जा सकती है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो मिर्जापुर और हमीरपुर में 120 मिमी, लखीमपुर खीरी में 114 मिमी और औरैया में 68.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब अवदाब में बदल गया है, जिससे हवाओं में नमी बढ़ी है। इस बारिश से अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। IMD ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों से दूर रहें।