UP में गुरु रविदास की याद में कलश वंदन अभियान शुरू, 25 अगस्त तक लखनऊ समेत कई जिलों में होंगे कार्यक्रम

UP/Lucknow: संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के मौके पर प्रदेश में ‘संत गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी के तहत लखनऊ में 2 अगस्त से ‘कलश वंदन अभियान’ शुरू हुआ है, जो

UP/Lucknow: संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के मौके पर प्रदेश में ‘संत गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी के तहत लखनऊ में 2 अगस्त से ‘कलश वंदन अभियान’ शुरू हुआ है, जो 25 अगस्त तक चलेगा। इस अभियान का मुख्य मकसद समाज से भेदभाव मिटाकर समानता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है।

लखनऊ भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि संत रविदास ने समाज में सबको समान मानने और मिलजुलकर रहने का संदेश दिया था। इसी विचार को आगे बढ़ाने के लिए लखनऊ के 25 मंडलों के प्रमुख मंदिरों में कलश वंदन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह पूरा संकल्प अभियान वाराणसी से 29 जुलाई 2026 को शुरू हुआ था और 20 फरवरी 2027 तक चलेगा।

इस अभियान के तहत संत रविदास की जन्मभूमि सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी को कलश में रखकर देश के अलग-अलग गांवों और जिलों तक पहुंचाया जा रहा है। बताया गया है कि 10 सितंबर 2026 तक यह पवित्र मिट्टी देश भर के 21,000 स्थानों पर पहुंचेगी।

यूपी के अन्य जिलों में भी इसकी धूम है। हरदोई में 9 अगस्त को सांसद अशोक रावत और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने यात्रा को हरी झंडी दिखाई। रायबरेली में 1 अगस्त से 25 अगस्त तक कार्यक्रम चल रहे हैं, जिसमें 8 अगस्त को महराजगंज में सामाजिक एकता के लिए कलश वंदन किया गया। वहीं सुलतानपुर में विधायक सीताराम वर्मा ने इसे सामाजिक समरसता का बड़ा अभियान बताया है।

इस अभियान में केवल यात्रा ही नहीं, बल्कि मंदिरों में दीपदान, संत संपर्क, प्रभात फेरी, कीर्तन और छात्रावास संपर्क जैसे कार्यक्रम भी शामिल हैं। इसके अलावा ‘समरसता दीप अभियान’ के तहत रविदास घाट पर 11,000 दीपक जलाए जाएंगे। आने वाले समय में 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 के बीच जालंधर के डेरा सचखंड बल्लन से वाराणसी तक एक बड़ी समरसता यात्रा भी निकाली जाएगी।