UP में IPS अफसरों की तबादला सूची अटकी, लखनऊ और नोएडा कमिश्नर की पोस्टिंग पर फैसला बाकी

UP : उत्तर प्रदेश में आईपीएस अधिकारियों के तबादले की लिस्ट पिछले कुछ समय से रुकी हुई है। खबर है कि फायर सर्विस के डीजी और लखनऊ व नोएडा के पुलिस कमिश्नर के पदों पर अंतिम फैसला नहीं हो पाया है, जिसकी वजह से पूरी सूची अटकी

UP : उत्तर प्रदेश में आईपीएस अधिकारियों के तबादले की लिस्ट पिछले कुछ समय से रुकी हुई है। खबर है कि फायर सर्विस के डीजी और लखनऊ व नोएडा के पुलिस कमिश्नर के पदों पर अंतिम फैसला नहीं हो पाया है, जिसकी वजह से पूरी सूची अटकी हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य की कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं, जिसके बाद ही यह लिस्ट जारी होगी।

फायर सर्विस के डीजी का पद 1994 बैच के अधिकारी सुजीत पांडेय के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद से खाली है। इस पद के लिए जीआरपी के एडीजी प्रकाश डी, लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर और सीआईडी के डीजी बी.के. सिंह के नाम चर्चा में हैं। वहीं लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर के लिए वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया, लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार, एडीजी अपराध एवं यातायात ए. सतीश गणेश और वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के नाम सामने आ रहे हैं।

नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का तबादला लगभग तय माना जा रहा है। चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, अगर कोई पुलिस प्रमुख तीन साल से ज्यादा समय से एक ही जगह तैनात है, तो चुनाव से पहले उसका तबादला किया जाता है। लक्ष्मी सिंह नवंबर 2022 से इस पद पर हैं, इसलिए 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उनकी नई तैनाती होनी है।

इसके अलावा पीपीएस से आईपीएस बने 28 अधिकारी और डीजी रैंक में प्रमोट हुए तीन अधिकारी नई पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं। डीजी रैंक के अधिकारियों में प्रकाश डी, अशोक मुथा जैन और अमरेंद्र सेंगर शामिल हैं। बता दें कि अशोक मुथा जैन अगले महीने 31 तारीख को रिटायर हो रहे हैं। फिलहाल विजिलेंस और फायर सर्विस दोनों जगह डीजी का पद खाली है और डीजीपी राजीव कृष्ण के पास विजिलेंस का अतिरिक्त प्रभार है।