UP में भारी बारिश का कहर, 14 लोगों की मौत और 46 जिलों में अलर्ट, कई शहरों में स्कूल बंद

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून ने रौद्र रूप ले लिया है जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले 24 घंटों में भारी बारिश और बिजली गिरने जैसी घटनाओं में 14 लोगों की जान चली गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 46 जिलों मे

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून ने रौद्र रूप ले लिया है जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले 24 घंटों में भारी बारिश और बिजली गिरने जैसी घटनाओं में 14 लोगों की जान चली गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक मानसून अब अपने पूरे प्रभाव में है और बारिश का यह सिलसिला 13 जुलाई, 2026 तक जारी रह सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ अगले 24 घंटों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा तराई क्षेत्र के 17 जिलों जैसे कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और लखीमपुर खीरी समेत अन्य इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं लखनऊ, कानपुर, अयोध्या और मेरठ समेत 29 अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इस भारी बारिश ने कई जिलों में तबाही मचाई है। संतकबीरनगर और कुशीनगर में बिजली गिरने से लोगों की मौत हुई, जबकि बुलंदशहर और शामली में दीवार गिरने से हादसे हुए। गाजियाबाद में एक तीन साल की बच्ची की नाले में डूबने से मौत हो गई। बिजनौर के नजीबाबाद में 306 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 1952 के बाद तीसरी सबसे ज्यादा बारिश है। एटा, संभल और आगरा में भी भारी बारिश से सड़कें जलमग्न हो गई हैं और गाजियाबाद में सड़कें धंसने की खबरें आई हैं।

सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीना और गाजियाबाद के जिला मजिस्ट्रेट ने जलभराव के कारण 10 जुलाई को कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, सहारनपुर और मुरादाबाद जैसे जिलों में भी स्कूल बंद रखे गए हैं। प्रयागराज के जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार वर्मा ने नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ से निपटने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।