UP में सड़क हादसे में 3 की मौत, 8 घायल, आवारा पशु के कारण Scorpio और Ertiga की भिड़ंत

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रविवार रात एक बहुत ही दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में दो गाड़ियों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और करीब आठ लोग गंभीर

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रविवार रात एक बहुत ही दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में दो गाड़ियों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और करीब आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा अल्लाबक्खशपुर गांव के पास गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में हुआ।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार Scorpio कार के सामने अचानक एक आवारा पशु आ गया। पशु से बचने की कोशिश में ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई। वहां सामने से आ रही एक Ertiga कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियां पूरी तरह चकनाचूर हो गईं।

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दिल्ली के मुस्तफाबाद निवासी सरफराज (45), अफजाल (37) और अबरार (48) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये लोग दिल्ली से बिजनौर में एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। हालांकि, कुछ सूत्रों के अनुसार मृतक बिजनौर के रहने वाले थे।

हापुड़ के एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से सड़क से गाड़ियों को हटवाकर ट्रैफिक को फिर से शुरू कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की कानूनी कार्रवाई कर रही है।