NEET विवाद पर UP कांग्रेस का हल्लाबोल, आज लखनऊ और कल सभी 75 जिलों में होगा कैंडिल मार्च

UP: नीट (NEET) और सीबीएसई परीक्षाओं में गड़बड़ी के साथ-साथ दिल्ली में छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज को लेकर यूपी कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन शुरू किया है। पार्टी ने इसके विरोध में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है, जिसक

UP: नीट (NEET) और सीबीएसई परीक्षाओं में गड़बड़ी के साथ-साथ दिल्ली में छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज को लेकर यूपी कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन शुरू किया है। पार्टी ने इसके विरोध में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है, जिसके तहत आज लखनऊ में और कल उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में कैंडिल मार्च निकाला जाएगा।

लखनऊ में आज शाम 6 बजे से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से कैंडिल मार्च शुरू होगा, जो जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा तक जाएगा। कांग्रेस का यह कदम उन छात्रों के समर्थन में है जिन्होंने नीट पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई थी। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सभी राज्य कमेटियों को इस आंदोलन में शामिल होने का निर्देश दिया है।

इस विवाद के बीच राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने एक घायल प्रदर्शनकारी को साथ रखा। उस छात्र ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान पेलेट गन की चोट से उसकी एक आंख चली गई। राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की कड़ी आलोचना की है। वहीं, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने भी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को दोहराते हुए राष्ट्रव्यापी विरोध की चेतावनी दी है।

दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जुलाई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि पेपर लीक करने वालों को सख्त सजा देने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को खारिज कर दिया है और कहा है कि सरकार परीक्षा प्रणाली को सुधारने की जिम्मेदारी लेगी।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने संसद में बताया कि गड़बड़ी की खबरें मिलते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की, जिससे 13 लोग गिरफ्तार हुए और जेल भेजे गए। इस पूरे मामले पर अब सुप्रीम कोर्ट की नजर है। 27 जुलाई को कोर्ट उन याचिकाओं पर सुनवाई करेगा, जिनमें नीट प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती और लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया गया है।