UP, Bihar समेत 17 राज्यों में भारी बारिश के लिए IMD का अलर्ट, अगले कुछ दिन सावधान रहने की सलाह
UP/Bihar: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड समेत 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट के पास बने कम दबाव के क्षेत्र की
UP/Bihar: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड समेत 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट के पास बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिससे कई राज्यों में 22 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
IMD के मुताबिक इस समय पांच मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिसकी वजह से मौसम बिगड़ रहा है। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब और मजबूत हो गया है और यह अगले दो दिनों में उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों की तरफ बढ़ेगा। इस दौरान कई जगहों पर 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पूर्वी यूपी के वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज जैसे जिलों में मध्यम से भारी बारिश की उम्मीद है। वहीं पश्चिमी यूपी में 17 से 19 जुलाई तक बारिश हो सकती है।
बिहार के हालात भी कुछ ऐसे ही हैं, जहां 17 से 22 जुलाई तक सभी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। आज विशेष रूप से पश्चिमी चंपारण, मुंगेर, बांका, सिवान, पटना, नालंदा, जहानाबाद, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में भारी बारिश हो सकती है। पटना, गया, बक्सर और दरभंगा समेत कई अन्य जिलों में आंधी-पानी की आशंका है और हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है।
पहाड़ी राज्यों जैसे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन का खतरा बताया गया है। उत्तराखंड के देहरादून और नैनीताल समेत 10 जिलों के लिए बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ओडिशा और मध्य-पूर्वी भारत के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में आज हल्के बादल रहेंगे और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने मछुआरों और किसानों को सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी है ताकि किसी भी तरह के नुकसान से बचा जा सके।