RLD के नए प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह पहुंचे लखनऊ, 2027 चुनाव में NDA सरकार बनाने का लक्ष्य
UP/Lucknow : राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह गुरुवार को पहली बार लखनऊ पहुंचे। चारबाग रेलवे स्टेशन से लेकर पार्टी मुख्यालय तक कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
UP/Lucknow : राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह गुरुवार को पहली बार लखनऊ पहुंचे। चारबाग रेलवे स्टेशन से लेकर पार्टी मुख्यालय तक कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। ऐश्वर्य राज सिंह को हाल ही में केंद्रीय मंत्री और पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने इस बड़ी जिम्मेदारी को सौंपा है।
ऐश्वर्य राज सिंह सुबह करीब 10 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस से लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने साफ किया कि उनका मुख्य काम पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। इसके लिए गांव से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को खड़ा किया जाएगा और किसानों, युवाओं व महिलाओं को पार्टी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में NDA सरकार पूर्ण बहुमत के साथ वापस आएगी।
पार्टी कार्यालय में व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल और अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। ऐश्वर्य राज सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्हें मुद्दाविहीन बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी पीडीए की परिभाषा बार-बार बदल रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि RLD की पूरी ताकत चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजीत सिंह की विचारधारा और जयंत चौधरी के युवा नेतृत्व में है।
बता दें कि ऐश्वर्य राज सिंह बस्ती के राजघराने से आते हैं और पेशे से कंप्यूटर इंजीनियर हैं। उन्होंने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में भी काम किया है। डॉ. रामाशीष राय के इस्तीफे के बाद उनकी नियुक्ति को पार्टी की एक बड़ी रणनीति माना जा रहा है। इस कदम से RLD अब पश्चिमी यूपी के साथ-साथ पूर्वांचल में भी अपना आधार मजबूत करना चाहती है। वह जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए संगठन विस्तार और आगे की रणनीति साझा करेंगे।