Rishikesh से Delhi जाना होगा आसान, नए एक्सप्रेस-वे से चलेंगी रोडवेज बसें, समय की होगी बड़ी बचत
Uttarakhand : ऋषिकेश और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब रोडवेज बसें देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे के जरिए चलेंगी, जिससे सफर का समय काफी कम हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन कि
Uttarakhand : ऋषिकेश और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब रोडवेज बसें देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे के जरिए चलेंगी, जिससे सफर का समय काफी कम हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन किए गए इस एक्सप्रेस-वे से यात्रियों को अब घंटों लंबे जाम और पुराने रास्तों की परेशानी से राहत मिलेगी।
उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) के ऋषिकेश डिपो की असिस्टेंट जनरल मैनेजर अंजलिका शर्मा ने इस नई व्यवस्था की पुष्टि की है। पहले ऋषिकेश से दिल्ली पहुंचने में करीब 6 से 7 घंटे का समय लगता था, लेकिन अब इस नए रूट से यह सफर लगभग 3 से 4 घंटे में पूरा हो जाएगा। यात्रियों के समय में करीब 1 से 2 घंटे की बचत होने की उम्मीद है।
एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा और नियमों का खास ख्याल रखा गया है। चार पहिया वाहनों के लिए रफ्तार की सीमा 100 किमी प्रति घंटा तय की गई है, लेकिन राजजी नेशनल पार्क के पास 12 किमी के वाइल्डलाइफ कॉरिडोर में इसे घटाकर 60 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है। जानवरों की सुरक्षा के लिए इस कॉरिडोर में हॉर्न बजाना पूरी तरह मना है और रात में लो-बीम हेडलाइट का इस्तेमाल करना होगा।
सुरक्षा कारणों से इस एक्सप्रेस-वे पर दोपहिया वाहन, ऑटो-रिक्शा और ट्रैक्टर का आना मना है। ट्रैफिक की निगरानी के लिए इलेक्ट्रॉनिक कैमरे लगाए गए हैं, जिससे ओवरस्पीडिंग या गलत लेन में चलने पर सीधे ई-चालान कटेगा। साथ ही, बीच रास्ते में गाड़ी रोकना, यू-टर्न लेना या रिवर्स करना सख्त मना है। टोल भुगतान के लिए FASTag अनिवार्य है, जिसके बिना दोगुना शुल्क देना होगा।
NHAI अब हरिद्वार में बाईपास और लिंक रोड का काम भी तेज कर रहा है ताकि दिल्ली-एनसीआर से ऋषिकेश आने वालों को हरिद्वार शहर के जाम से न गुजरना पड़े। किराए की बात करें तो अलग-अलग बसों के हिसाब से यह 269 रुपये से लेकर 700 रुपये तक हो सकता है। UTC और UPSRTC की बसें इस रूट पर सेवाएं दे रही हैं।