Mumbai: रिटायर्ड जज गौतम पटेल ने दर्ज कराई शिकायत, लंदन में बेटी को मिली थी धमकी
Maharashtra: बॉम्बे हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज गौतम पटेल ने दक्षिण मुंबई के गामदेवी पुलिस स्टेशन में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। यह कदम उन्होंने अपनी बेटी के लंदन स्थित घर पर मिले धमकी भरे पत्र के बाद उठाया है। जस्टिस
Maharashtra: बॉम्बे हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज गौतम पटेल ने दक्षिण मुंबई के गामदेवी पुलिस स्टेशन में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। यह कदम उन्होंने अपनी बेटी के लंदन स्थित घर पर मिले धमकी भरे पत्र के बाद उठाया है। जस्टिस पटेल ने पहले ही इस धमकी के बारे में सार्वजनिक रूप से जानकारी दी थी, जिसके बाद अब उन्होंने कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
यह पूरा मामला साल 2024 में दिए गए एक फैसले से जुड़ा है। जस्टिस गौतम पटेल ने 23 अप्रैल 2024 को दाऊदी बोहरा उत्तराधिकार मामले में अपना फैसला सुनाया था। इसके बाद अगस्त 2025 से उन्हें और उनके परिवार को धमकियां मिलनी शुरू हुईं। उनकी बेटी अदिति के लंदन वाले घर में घुसने की कोशिश की गई और 3 सितंबर 2025 को एक धमकी भरा पत्र भी मिला।
मामला तब और गंभीर हो गया जब अप्रैल 2026 में लंदन में उनकी बेटी अदिति के साथ मारपीट हुई, जिसमें उनकी नाक की हड्डी टूट गई। ताजा घटना 5 जून 2026 की है, जब उनकी बेटी के पते पर फिर से एक जान से मारने की धमकी वाला पत्र भेजा गया। धमकी देने वालों ने मांग की है कि जस्टिस पटेल एक यूट्यूब वीडियो के जरिए अपने 2024 के फैसले को वापस लें, भारत छोड़ दें और उस फैसले से किनारा करने वाला बयान जारी करें।
जस्टिस पटेल ने इन मांगों को मानने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने इसे न्यायिक स्वतंत्रता और कानून के शासन पर हमला बताया है। इस मामले में भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्य कांत ने भी गंभीर चिंता जताई है और वे जस्टिस पटेल के परिवार की सुरक्षा के लिए ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त पी. कुमारन के संपर्क में हैं।
ब्रिटेन की हर्टफोर्डशायर पुलिस (Hertfordshire Constabulary) इस हमले और धमकी भरे पत्रों की जांच कर रही है और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई गई है। वहीं, 8 जून 2026 को बॉम्बे बार एसोसिएशन ने भी एक प्रस्ताव पारित कर इन धमकियों की निंदा की है। इसके अलावा, बॉम्बे हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) भी दायर की गई है, जिसमें इस पूरे मामले की जांच और जज के परिवार को बेहतर सुरक्षा देने की मांग की गई है।