Bhagalpur में गंगा कटाव पर PWD मंत्री का सख्त एक्शन, अधिकारियों को 48 घंटे का अल्टीमेटम, लापरवाही पर होगा सस्पेंशन
Bhagalpur: भागलपुर में गंगा नदी के तेज कटाव से लोग डरे हुए हैं और अब बिहार सरकार ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने शनिवार को प्रभावित इलाकों का दौरा किया और जल संसाधन विभाग
Bhagalpur: भागलपुर में गंगा नदी के तेज कटाव से लोग डरे हुए हैं और अब बिहार सरकार ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने शनिवार को प्रभावित इलाकों का दौरा किया और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को दो दिन के भीतर जमीन पर काम का असर दिखाने का आदेश दिया है। मंत्री ने साफ कह दिया है कि अगर 48 घंटे में संतोषजनक प्रगति नहीं दिखी, तो जिम्मेदार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया जाएगा।
मंत्री कुमार शैलेंद्र ने राघोपुर-काजीकोरैया तटबंध के पास कटाव वाली जगहों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जियो बैग और बोल्डर जैसे जरूरी संसाधनों का तुरंत इस्तेमाल करें ताकि कटाव को रोका जा सके। उन्होंने तटबंध के दोनों सिरों पर सुरक्षा बढ़ाकर 24 घंटे निगरानी रखने को कहा है। साथ ही अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि अगर कोई तकनीकी या प्रशासनिक दिक्कत आती है, तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
कटाव की स्थिति काफी गंभीर है। 31 जुलाई को सबौर प्रखंड के संत नगर में गंगा का कटाव इतना बढ़ गया कि दर्जनों एकड़ खेती की जमीन नदी में समा गई और पानी बस्ती से सिर्फ 50 मीटर दूर पहुंच गया। इससे स्थानीय लोगों में काफी दहशत है। हालांकि, कटिहार के मुख्य अभियंता जय प्रकाश पासवान का कहना है कि राघोपुर का कटाव अब कंट्रोल में है और फिलहाल कोई बड़ा खतरा नहीं है।
इससे पहले 27 जुलाई को राघोपुर-काजीकौरैया तटबंध पर अचानक तेज कटाव शुरू हुआ था, जिससे करीब 200 मीटर का हिस्सा प्रभावित हुआ। इस वजह से बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का पैतृक घर भी खतरे में आ गया था। तब ग्रामीणों को रातभर तटबंध पर जागकर निगरानी करनी पड़ी थी। विभाग के अभियंता प्रमुख ई. वरुण कुमार ने बताया कि 150 मीटर के हिस्से में सैंड बैग लगाकर काम तेज किया जा रहा है और इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध पर विशेष नजर रखी जा रही है। आशंका है कि 15 अगस्त के बाद जब गंगा का जलस्तर फिर बढ़ेगा, तब कटाव का खतरा और ज्यादा बढ़ सकता है।