Purnia में एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीन सगे भाइयों की मौत, तालाब में डूबने से हादसा
Purnia: बिहार के पूर्णिया जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ कसबा प्रखंड के कुल्लाखास पंचायत में तीन सगे भाइयों की एक तालाब में डूबने से मौत हो गई। ये तीनों भाई एक-दूसरे को बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इस दौरा
Purnia: बिहार के पूर्णिया जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ कसबा प्रखंड के कुल्लाखास पंचायत में तीन सगे भाइयों की एक तालाब में डूबने से मौत हो गई। ये तीनों भाई एक-दूसरे को बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इस दौरान तीनों ही गहरे पानी में समा गए।
यह हादसा रविवार, 9 अगस्त 2026 की सुबह आलम नगर के वार्ड नंबर सात में हुआ। मृतक बच्चों की पहचान 12 साल के मो. मोफिजुल, 10 साल के तफीजुल और 8 साल के सैराजुल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चे घर के पास एक गोदाम के पीछे बने गहरे गड्ढे या तालाब में मछली पकड़ने गए थे। घटना के समय उनके साथ 7 साल का छोटा भाई अली हुसैन भी था, जो सुरक्षित बच गया और उसने तुरंत परिवार को इस हादसे की जानकारी दी।
मृतक बच्चों के पिता आलमगीर ने बताया कि सुबह करीब 8:00 बजे बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे घर से लगभग 100 मीटर दूर धर्मकांटा के पास स्थित एक गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए, जहां यह हादसा हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इलाके में अवैध खनन की वजह से ऐसे गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो अब लोगों के लिए खतरा बन रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
कसबा अंचलाधिकारी निशांत कुमार ने मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से कर्मचारी को मौके पर भेज दिया गया है। वहीं, कुल्लाखास पंचायत के मुखिया रंजीत पासवान ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है और सरकार से पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक मदद की अपील की है। जिला पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज भेज दिया है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।