Pune मर्डर केस: कैब ड्राइवर का दावा, जबरदस्ती गाड़ी में बैठाया गया था सिया गोयल
Maharashtra: पुणे में मंगेतर के मर्डर केस में नया मोड़ आया है। मुंबई एयरपोर्ट जाने वाली कैब के ड्राइवर वैभव जाधव ने पुलिस को बताया कि सिया गोयल अपनी मर्जी से गाड़ी में नहीं बैठी थीं। ड्राइवर के मुताबिक, सिया के भाई साहिल
Maharashtra: पुणे में मंगेतर के मर्डर केस में नया मोड़ आया है। मुंबई एयरपोर्ट जाने वाली कैब के ड्राइवर वैभव जाधव ने पुलिस को बताया कि सिया गोयल अपनी मर्जी से गाड़ी में नहीं बैठी थीं। ड्राइवर के मुताबिक, सिया के भाई साहिल गोयल ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें जबरन गाड़ी के अंदर बैठाया था।
घटना 6 जून की है जब सिया गोयल, उनके मंगेतर केतन अग्रवाल और अन्य लोग बाली जाने के लिए पुणे से मुंबई एयरपोर्ट जा रहे थे। ड्राइवर वैभव जाधव ने बताया कि बिबवेवाडी से पिकअप के दौरान सिया और उनके भाई के बीच बहस हो रही थी। रास्ते में सिया ने एक्सप्रेसवे पर एक फूड मॉल पर गाड़ी रुकवाई और अपने पर्स से कोई अनजान चीज निकालकर कार की डिक्की में रख दी।
एयरपोर्ट पहुँचने के बाद ड्राइवर को दो बार वापस बुलाया गया। पहली बार एक छोटा बैग लेने के लिए और दूसरी बार केतन अग्रवाल के पासपोर्ट के लिए। ड्राइवर ने वीडियो कॉल के जरिए गाड़ी के अंदर का हिस्सा भी दिखाया और बाद में केतन और साहिल ने खुद गाड़ी की तलाशी ली, लेकिन पासपोर्ट नहीं मिला। पुलिस अब इस गायब पासपोर्ट को मर्डर की साजिश का एक बड़ा सबूत मान रही है।
वहीं जांच में यह भी सामने आया कि सिया गोयल और उनके प्रेमी चेतन चौधरी ने इस हत्या की पूरी प्लानिंग की थी। पुलिस ने लोहगढ़ किले पर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन किया, जहाँ पता चला कि सिया का वहां नीचे बैठना चेतन के लिए एक इशारा था। दोनों ने पहले किले पर आकर जगह देखी थी और मर्डर की प्रैक्टिस भी की थी। चेतन ने अपनी पहचान छिपाने के लिए वहां हुडी पहनी थी। पुलिस अब सिया और चेतन की उदयपुर यात्रा की भी जांच कर रही है।
सिया गोयल और चेतन चौधरी की पुलिस कस्टडी 29 जून को खत्म हो रही है, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस उनकी रिमांड आगे बढ़ाने की मांग करेगी।