Bihar के पटना में आनंद कुमार हत्याकांड का खुलासा, जमीन विवाद में सुपारी देकर कराई गई थी हत्या, 4 गिरफ्तार

Bihar/Patna: पटना पुलिस ने हाई-प्रोफाइल आनंद कुमार हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में गुरुवार रात चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि यह पूरी वारदात पारिवारिक जमीन विवाद के चलत

Bihar/Patna: पटना पुलिस ने हाई-प्रोफाइल आनंद कुमार हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में गुरुवार रात चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि यह पूरी वारदात पारिवारिक जमीन विवाद के चलते हुई थी, जिसमें आनंद कुमार की सुपारी देकर हत्या करवाई गई।

घटना 30 मई 2026 की है, जब पटना के बेउर थाना क्षेत्र में बाईपास के पास निदान अस्पताल वाली गली में आनंद कुमार का शव मिला था। मृतक पैठानी नत्थूपुर का रहने वाला था और बेउर में किराए पर रहता था। वह एक कोरियर कंपनी में काम करता था और जमीन की खरीद-बिक्री के काम से भी जुड़ा था। परिजनों की शिकायत पर बेउर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) साकेत कुमार के नेतृत्व में बनी SIT ने इस मामले की जांच की। पुलिस ने ताजा कार्रवाई में राजीव कुमार (47), आदर्श कुमार उर्फ गोलू (25), रोशन कुमार (20) और गौरी शंकर (46) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आनंद कुमार और भुटाली राय के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के कारण सुपारी देकर हत्या की साजिश रची गई। इस मामले में उमेश कुमार उर्फ सुताली राय को पहले ही 4 जून को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, वारदात को अंजाम देने वाले शूटर गोलू कुमार, प्रिंस कुमार और मयंक कुमार पहले से ही दीदारगंज थाना के एक अन्य केस में जेल में हैं। पुलिस अब बाकी सबूत जुटाने और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।