Patna में पुलिस कॉलोनी से 20 लाख की चोरी, रिटायर्ड DSP के घर का ताला तोड़कर उड़ाए गहने और कैश
Bihar/Patna: राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में सुरक्षा दावों की पोल खुल गई है। यहां पुलिस कॉलोनी जैसे सुरक्षित इलाके में एक रिटायर्ड DSP के घर से करीब 20 लाख रुपये की चोरी हुई है। हैरानी की बात यह है कि यह घर बि
Bihar/Patna: राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में सुरक्षा दावों की पोल खुल गई है। यहां पुलिस कॉलोनी जैसे सुरक्षित इलाके में एक रिटायर्ड DSP के घर से करीब 20 लाख रुपये की चोरी हुई है। हैरानी की बात यह है कि यह घर बिहार DGP के आवास के बिल्कुल पास स्थित है, फिर भी चोरों ने बड़ी आसानी से हाथ साफ कर दिया।
यह घटना दिवंगत रिटायर्ड DSP सूर्य नाथ सिंह के घर (C/42) की है। उनके बेटे डॉ. अमिताभ और छोटे बेटे प्रशांत सिंह शेखर ने बताया कि पूरा परिवार अपने पैतृक गांव गया हुआ था, जिसकी वजह से घर बंद था। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने घर में धावा बोला। चोरों ने कटर और अन्य औजारों की मदद से मुख्य दरवाजा, अलमारी और लॉकर को तोड़ दिया। घर से नगदी और सोने-चांदी के गहने चोरी हुए हैं, जिसकी कुल कीमत 20 से 25 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही गर्दनीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए Forensic Science Laboratory (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से वैज्ञानिक सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस को शक है कि चोरों ने इस वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की अच्छी तरह रेकी की थी।
गर्दनीबाग के कार्यवाहक SHO सौरभ कुमार ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कॉलोनी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके। पुलिस का दावा है कि सबूतों के आधार पर जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद से वीआईपी इलाके में रहने वाले अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।