Patna में कांग्रेस दफ्तर के बाहर BJP और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर
Bihar/Patna : पटना के सदाकत आश्रम में बुधवार दोपहर उस वक्त भारी हंगामा हो गया जब BJP और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों पार्टियों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में जमकर पत्थरबाजी हुई और लाठी-डंडे चले, जिससे कई ल
Bihar/Patna : पटना के सदाकत आश्रम में बुधवार दोपहर उस वक्त भारी हंगामा हो गया जब BJP और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों पार्टियों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में जमकर पत्थरबाजी हुई और लाठी-डंडे चले, जिससे कई लोग घायल हो गए हैं। यह पूरा मामला राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन के खिलाफ BJP द्वारा निकाले गए मार्च के दौरान शुरू हुआ।
जानकारी के मुताबिक, 22 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे BJP कार्यकर्ता कुर्जी अस्पताल से मार्च निकालकर कांग्रेस के बिहार प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम पहुंचे थे। BJP कार्यकर्ता राहुल गांधी द्वारा नीट पेपर लीक मामले और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रधानमंत्री आवास पर किए गए प्रदर्शन का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि BJP कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यालय का गेट तोड़कर हमला किया और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। दूसरी तरफ, BJP नेताओं का कहना है कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस के लोग पहले से ही लाठी-डंडे लेकर तैयार थे और उन्होंने हमला किया। इस झड़प में कई कार्यकर्ताओं के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और कई वाहनों के शीशे टूट गए हैं।
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया। पटना की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था-2) कोमल मीणा ने बताया कि कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई थी, जिसे अब नियंत्रित कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि प्रदर्शन के लिए अनुमति ली गई थी या नहीं।
कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पत्थरबाजी में कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। पुलिस अब वीडियो फुटेज के जरिए दोषियों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।