Noida में वायरल सोया चाप वीडियो का सच आया सामने, फूड विभाग ने जांच के बाद किया खुलासा
Noida: सोशल मीडिया पर इन दिनों सोया चाप बनाने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गंदगी और अस्वच्छ तरीके से चाप बनाने के आरोप लगाए गए थे। इस वीडियो को नोएडा की फैक्ट्री बताकर शेयर किया जा रहा था, जिससे स्थानीय ल
Noida: सोशल मीडिया पर इन दिनों सोया चाप बनाने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गंदगी और अस्वच्छ तरीके से चाप बनाने के आरोप लगाए गए थे। इस वीडियो को नोएडा की फैक्ट्री बताकर शेयर किया जा रहा था, जिससे स्थानीय लोगों में काफी चिंता थी। अब गौतमबुद्ध नगर के खाद्य विभाग ने इस मामले की पूरी जांच कर सच्चाई साफ कर दी है।
खाद्य विभाग के अधिकारी सर्वेश सिंह ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद विभाग की टीमों ने पूरे जिले में सघन जांच की। जांच के दौरान ऐसी कोई भी फैक्ट्री या जगह नहीं मिली जो वीडियो में दिख रही जगह से मेल खाती हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस वीडियो का नोएडा या गौतमबुद्ध नगर से कोई संबंध होने का कोई सबूत नहीं मिला है।
विभाग के अनुसार यह वीडियो पुराना है और पहले भी अलग-अलग शहरों के नाम से इंटरनेट पर वायरल हो चुका है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह बात भी कही गई है कि यह वीडियो मूल रूप से आगरा का हो सकता है। हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना के बाद से लोग खाने-पीने की चीजों की शुद्धता और स्वच्छता को लेकर सवाल उठा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने नोएडा के नाम से किए जा रहे दावों को गलत बताया है।