Muzaffarpur में नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आई है। यहां साहेबगंज थाना क्षेत्र में नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम छाया हुआ है और परिजनों क
Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आई है। यहां साहेबगंज थाना क्षेत्र में नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह घटना शनिवार, 25 जुलाई को दोपहर करीब 1 बजे की है। हादसा साहेबगंज नगर परिषद क्षेत्र के बैद्यनाथपुर शिवालय मंदिर के सामने बया नदी में हुआ। जानकारी के मुताबिक, साहेबगंज के महावीर स्थान, वार्ड संख्या-8 के रहने वाले अमृत कुमार (14), साहिल उर्फ झुन्नू (12) और मोहम्मद रेहान (13) नदी में नहाने उतरे थे, जहां वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। इसी बीच मोहम्मद मुन्ना का 13 वर्षीय बेटा मोहम्मद गुड्डू तैरकर बाहर निकलने में कामयाब रहा और उसकी जान बच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही साहेबगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सरैया की एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि एसडीआरएफ की मदद से तीनों बच्चों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
इस बीच स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति काफी गुस्सा देखा गया। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी एनडीआरएफ की टीम समय पर नहीं पहुंची, जिसकी वजह से शवों को ढूंढने और निकालने का काम ग्रामीणों को खुद करना पड़ा।
गौरतलब है कि नेपाल में भारी बारिश की वजह से मुजफ्फरपुर की नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। बागमती नदी खतरे के निशान के करीब है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग अलर्ट पर हैं। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने पहले ही निचले इलाकों और दियारा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी थी।