Muzaffarpur में लूट का विरोध करने पर स्वर्ण व्यवसायी को मारी गोली, डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार हुए बदमाश

Bihar/Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक स्वर्ण व्यवसायी को लूटने के लिए गोली तक मार दी। शुक्रवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने व्यवसायी बबलू साह को निशाना

Bihar/Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक स्वर्ण व्यवसायी को लूटने के लिए गोली तक मार दी। शुक्रवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने व्यवसायी बबलू साह को निशाना बनाया और लूटपाट के बाद मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में काफी डर का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, महेशबारा गांव के रहने वाले बबलू कुमार उर्फ बबलू साह औराई बाजार में ‘संजय ज्वेलर्स’ नाम से अपनी दुकान चलाते हैं। शुक्रवार रात जब वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनके पास मौजूद बैग छीनने की कोशिश की, लेकिन जब बबलू साह ने इसका विरोध किया तो एक बदमाश ने उनके पैर में गोली मार दी।

गोली मारने के बाद बदमाश बैग लेकर रफूचक्कर हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए हैं, जबकि कुछ खबरों में करीब दो लाख रुपये के आभूषण लूटे जाने की बात कही गई है। घायल व्यवसायी को तुरंत इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ (पूर्वी-1) आलय वत्स ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घायल व्यवसायी का बयान दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।