Muzaffarpur में गैस पाइपलाइन फटने से 7 छात्राएं बेहोश, 5 की हालत गंभीर, SKMCH रेफर

Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ हाट इलाके में नाला निर्माण के दौरान जेसीबी मशीन से खुदाई करते समय पीएनजी (Piped Natural Gas) की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्

Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ हाट इलाके में नाला निर्माण के दौरान जेसीबी मशीन से खुदाई करते समय पीएनजी (Piped Natural Gas) की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया, जिसकी चपेट में आने से पास के स्कूल की सात छात्राएं बेहोश हो गईं।

यह घटना सुबह करीब 11:30 बजे हुई। जिस जगह खुदाई चल रही थी, उसके पास ही एक हाई स्कूल और मिडिल स्कूल है। गैस का रिसाव इतना तेज था कि यह स्कूल के कमरों तक फैल गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में स्कूलों को खाली कराकर बंद कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बेहोश छात्राओं को मुशहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया।

अस्पताल में जांच के बाद दो छात्राओं की हालत में सुधार बताया गया है, जिनका इलाज पीएचसी में ही चल रहा है। वहीं, पांच छात्राओं की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर किया गया है। गंभीर रूप से प्रभावित छात्राओं में दसवीं कक्षा की नाहिदा खातून, अमृता कुमारी, राखी कुमारी, दिव्या कुमारी और ग्यारहवीं कक्षा की विशाखा कुमारी शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, गैस सूंघने की वजह से बच्चों को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी।

इस पूरे मामले में निर्माण एजेंसी बुडको (BUDCO) की लापरवाही सामने आई है। विद्यालय के शिक्षक हाशिम बरकतुल्लाह ने बताया कि खुदाई के समय सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि खुदाई शुरू करने से पहले पाइपलाइन की लोकेशन की जानकारी क्यों नहीं ली गई।

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन, गैस विभाग के अधिकारी और इंडियन ऑयल की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गैस रिसाव को रोकने और स्थिति को सामान्य करने का काम किया। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर है।