Muzaffarpur में गोल्ड फ्लैक के नाम पर बन रही थी नकली सिगरेट, 5 करोड़ की मशीनें जब्त
Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यहाँ ब्रांडेड कंपनी ITC के ‘गोल्ड फ्लैक’ ब्रांड के नाम पर बड़े पैमाने पर नकली सिगरे
Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यहाँ ब्रांडेड कंपनी ITC के ‘गोल्ड फ्लैक’ ब्रांड के नाम पर बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट तैयार की जा रही थी। पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब 5 करोड़ रुपये की मशीनें और लाखों रुपये की नकली सिगरेट जब्त की है।
यह पूरी कार्रवाई ITC कंपनी की शिकायत पर की गई। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ऋषु मिश्रा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को लिखित शिकायत दी थी कि उनके ब्रांड के कॉपीराइट का गलत इस्तेमाल हो रहा है। इसके बाद पश्चिमी एसडीपीओ-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी और तुर्की थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार देर रात कुढ़नी प्रखंड के छोटी लुक्किनंदलालपुर इलाके में छापा मारा।
जांच में पता चला कि यह अवैध कारोबार ‘एसएमएम टोबैको प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से चलाया जा रहा था। फैक्ट्री में आधुनिक मशीनें लगी थीं और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे। पुलिस ने मौके से लगभग 12 लाख रुपये की तैयार नकली सिगरेट और भारी मात्रा में कच्चा माल बरामद किया है। इसके अलावा माल स्टोर करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दो किराए के गोदामों को भी सील कर दिया गया है।
पुलिस के आने की खबर मिलते ही फैक्ट्री चलाने वाले लोग और कर्मचारी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और अंचल कार्यालय से जमीन मालिकों का ब्योरा मांगा गया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और कॉपीराइट एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।