Munger में जेल की छत से गिरकर बंदी की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
Munger: मुंगेर मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन बंदी मनीष कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह वह जेल की छत से नीचे गिर गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा स
Munger: मुंगेर मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन बंदी मनीष कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह वह जेल की छत से नीचे गिर गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और परिजनों के बीच विवाद बढ़ गया है।
मृतक मनीष कुमार हवेली खड़गपुर ब्लॉक के मधुबन दरियापुर का रहने वाला था। उस पर अपने छोटे भाई नीतीश कुमार की हथौड़े से हत्या करने का आरोप था, जिसके सिलसिले में उसे 20 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। जेल अधीक्षक किरण देवी ने बताया कि मनीष शुक्रवार सुबह अचानक छत पर गया और वहां से कूद गया। उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं मनीष के परिजनों ने इस हादसे को मानने से साफ इनकार कर दिया है। उसकी भाभी वंदना कुमारी और रोशन कुमार का आरोप है कि मनीष की हत्या की गई है। परिजनों का कहना है कि मनीष ने कुछ दिन पहले फोन कर उन्हें 8 जुलाई को मिलने के लिए कहा था। वह अपने भाई की मौत से जुड़े कुछ जरूरी तथ्य साझा करना चाहता था और अपनी जमानत की प्रक्रिया शुरू करना चाहता था। परिजनों का दावा है कि इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने के लिए जेल प्रशासन ने यह साजिश रची है।
जेल प्रशासन की ओर से यह तर्क दिया गया है कि मनीष की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिस वजह से उसने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, जेल के नियमों के मुताबिक किसी भी बंदी का छत पर जाना प्रतिबंधित है। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।