Mumbai में विहार और तुलसी झीलें ओवरफ्लो, मीठी नदी के पास रहने वाले लोग रहें सावधान

Maharashtra: मुंबई में भारी बारिश की वजह से विहार और तुलसी झीलें पूरी तरह भर गई हैं और अब ओवरफ्लो हो रही हैं। बीएमसी ने बताया कि मंगलवार रात 9 बजे विहार झील और रात 11:43 बजे तुलसी झील का पानी बाहर आने लगा। इस बार ये झीले

Maharashtra: मुंबई में भारी बारिश की वजह से विहार और तुलसी झीलें पूरी तरह भर गई हैं और अब ओवरफ्लो हो रही हैं। बीएमसी ने बताया कि मंगलवार रात 9 बजे विहार झील और रात 11:43 बजे तुलसी झील का पानी बाहर आने लगा। इस बार ये झीलें पिछले सालों के मुकाबले काफी जल्दी भर गई हैं, जिससे शहर की पानी की स्थिति में सुधार हुआ है।

इन दोनों झीलों का अतिरिक्त पानी सीधे मीठी नदी में जाता है। मुंबई नगर निगम कमिश्नर अश्विनी भिडे ने कहा कि प्रशासन मीठी नदी के जलस्तर पर कड़ी नजर रख रहा है। हालांकि आम नागरिकों के लिए अभी घबराने की बात नहीं है, लेकिन जो लोग मीठी नदी के पास निचले इलाकों में रहते हैं, उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पिछले साल अगस्त में भी विहार झील के ओवरफ्लो होने से निचले इलाकों में पानी भर गया था और लोगों को वहां से हटाना पड़ा था।

मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट और पालघर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की वजह से सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे की लोकल ट्रेनें 25 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं और कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। पालघर जिले में एहतियात के तौर पर स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया गया है।

पानी के स्टॉक की बात करें तो मुंबई की सभी सात झीलों में अब कुल 41.36% पानी जमा हो गया है। पिछले 48 घंटों में इसमें करीब 24.44% की बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद, शहर में लागू 10% पानी की कटौती अभी जारी रहेगी। बीएमसी कमिश्नर के मुताबिक, जब तक सातों झीलें पूरी तरह नहीं भर जातीं, तब तक कटौती जारी रह सकती है और जुलाई के अंत तक इसकी समीक्षा की जाएगी।