Mumbai में आवारा कुत्तों का आतंक, 94 हजार कुत्तों के लिए बनेंगे 3 नए शेल्टर होम

Maharashtra: मुंबई और पूरे राज्य में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनके काटने की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने विधानसभा में बताया कि मुंबई में इस समय 94,000 आवारा कुत्ते है

Maharashtra: मुंबई और पूरे राज्य में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनके काटने की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने विधानसभा में बताया कि मुंबई में इस समय 94,000 आवारा कुत्ते हैं, जबकि पूरे महाराष्ट्र में यह संख्या 14.8 लाख तक पहुंच गई है। इस समस्या से निपटने के लिए सरकार ने अगले छह महीनों के भीतर मुंबई में तीन नए डॉग शेल्टर बनाने का फैसला किया है।

कुत्तों के काटने के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। साल 2025 में अकेले मुंबई में 1,35,253 मामले दर्ज किए गए थे। वहीं, अहिल्यानगर जिले में जनवरी और फरवरी 2026 के बीच 7,230 मामले सामने आए, जो पिछले साल के मुकाबले 463 ज्यादा हैं। इन बढ़ते खतरों को देखते हुए सरकार अब जमीन की तलाश कर रही है। राजस्व विभाग से मुलुंड (3,000 वर्ग फुट), मालाड (3,000 वर्ग फुट) और नाहुर (8,411 वर्ग फुट) में जमीन मांगी गई है। इसके अलावा चेंबूर में भी शेल्टर बनाने पर विचार हो रहा है।

सरकार ने सभी शहरी और ग्रामीण निकायों को निर्देश दिया है कि वे केंद्र सरकार के एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) रूल्स 2023 और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का सख्ती से पालन करें। इसके तहत नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण अभियान तेज किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट की सिफारिशों के बाद मुंबई, पुणे, कल्याण-डोंबिवली, पिंपरी-चिंचवड़ और नासिक जैसे बड़े नगर निगमों ने अपने अलग ‘एनिमल बर्थ कंट्रोल विभाग’ बनाने का निर्णय लिया है।

मुंबई नगर निगम (BMC) ने मालाड के मालवणी इलाके में सात एकड़ जमीन पर शेल्टर बनाने के लिए NGOs से प्रस्ताव मांगे हैं। हालांकि, कुछ पशु कल्याण समूहों ने बड़े शेल्टर होम बनाने के फायदों और नुकसानों को लेकर चिंता जताई है। इसी बीच, अभिनेत्री काशिका कपूर ने भी लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान वे आवारा कुत्तों को सूखा ठिकाना, खाना और पानी देकर उनकी मदद करें।