Mumbai में पनीर विक्रेता से वसूली करने वाला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार, रील बनाकर किया था बदनाम
Maharashtra/Mumbai: मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार किया है जिसने एक पनीर दुकानदार को बदनाम कर उससे मोटी रकम वसूलने की कोशिश की। आरोपी ने पनीर में कीड़े होने का झूठा दावा करते हुए रील बन
Maharashtra/Mumbai: मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार किया है जिसने एक पनीर दुकानदार को बदनाम कर उससे मोटी रकम वसूलने की कोशिश की। आरोपी ने पनीर में कीड़े होने का झूठा दावा करते हुए रील बनाई और दुकानदार को डरा-धमकाकर पैसे मांगे। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा है।
मामला मुलुंड वेस्ट के वीणा नगर CHS स्थित ‘Punjabi Paneer’ दुकान का है। दुकानदार अमनदीप बेहल के मुताबिक, रंदीप सिंह गुजराल नाम का व्यक्ति उनकी दुकान पर आया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। रंदीप, जो इंस्टाग्राम पर ‘turbanmirchie’ और ‘Afternoon Times’ हैंडल से जुड़ा है, ने दावा किया कि डेयरी उत्पादों में कीड़े मिले हैं। उसने खुद को सरकारी अधिकारियों से जुड़ा बताकर दुकानदार को FDA और BMC की कार्रवाई की धमकी दी, जिसके बाद प्रशासन ने दुकान का नोटिस जारी कर उसे अस्थायी रूप से बंद भी कर दिया था।
इस डर का फायदा उठाकर रंदीप ने मामले को रफा-दफा करने के नाम पर पैसों की मांग की। पीड़ित ने पहले 50,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और एक वीडियो बनवाने के लिए 6,000 रुपये अलग से दिए। कुल 2.85 लाख रुपये के समझौते की बात हुई थी, जिसमें से 2 लाख रुपये नकद मांगे गए थे।
मुंबई क्राइम ब्रांच के डीसीपी राज तिलक रोशन ने बताया कि पुलिस ने मुलुंड वेस्ट के एलबीएस मार्ग पर एक ईटरी के पास जाल बिछाया और रंदीप गुजराल को बाकी पैसे लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में रंदीप के पिता हरबिंदर सिंह गुजराल भी शामिल थे, जिन्हें पैसे लेते समय पकड़ा गया। वहीं, रंदीप की पत्नी अरवी को हिरासत में लेकर नोटिस जारी किया गया है और ‘Afternoon Times’ से जुड़े अजिष पन्निकर फिलहाल फरार हैं।
पुलिस ने रंदीप गुजराल को 18 जून तक रिमांड पर लिया है। क्राइम ब्रांच अब यह जांच कर रही है कि क्या इस तरह का कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा है जो सोशल मीडिया और फर्जी पत्रकारिता के नाम पर खाने-पीने की दुकानों को निशाना बनाकर वसूली करता है। पुलिस ने व्यापारियों को सतर्क रहने की सलाह दी है कि वे ऐसे लोगों के झांसे में न आएं जो सोशल मीडिया प्रभाव या सरकारी डर दिखाकर पैसे मांगते हैं।