Mumbai में भारी बारिश का कहर, कुर्ला में पेड़ गिरने से 63 साल के शख्स की मौत

Maharashtra/Mumbai: मुंबई में भारी बारिश के बीच एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। कुर्ला (पश्चिम) के नाउपाडा इलाके में एक पेड़ गिरने से 63 साल के व्यक्ति की जान चली गई। यह हादसा रविवार सुबह उस समय हुआ जब शख्स अपनी दुकान

Maharashtra/Mumbai: मुंबई में भारी बारिश के बीच एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। कुर्ला (पश्चिम) के नाउपाडा इलाके में एक पेड़ गिरने से 63 साल के व्यक्ति की जान चली गई। यह हादसा रविवार सुबह उस समय हुआ जब शख्स अपनी दुकान खोलने की तैयारी कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान यूनुस कुंडावाला के रूप में हुई है, जो बांद्रा के रहने वाले थे। वह कामिनी कुर्ला के गोम्स गाउन बिल्डिंग के पास बीएमसी हिंदी स्कूल के पास अपनी नई किराए की इलेक्ट्रिकल एक्सेसरीज की दुकान खोलने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक पेड़ की एक भारी टहनी उन पर गिर गई। उन्हें तुरंत फौज़िया हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में पोस्टमॉर्टम के लिए शव को राजावाड़ी अस्पताल भेजा गया।

इस हादसे की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, BEST और बीएमसी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पेड़ गिरने के बाद नगर निगम की टीम को आने में करीब दो घंटे का समय लगा। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।

मुंबई में पिछले एक हफ्ते के भीतर पेड़ गिरने से यह दूसरी मौत है। इससे पहले 30 जून को चेंबूर में पेड़ गिरने से 11 साल के विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई थी, जिसके बाद बीएमसी ने लापरवाही बरतने वाले दो अधिकारियों, जगदीश भोइर और अरुण मुंडे को सस्पेंड किया था। इसके अलावा आरे कॉलोनी में कुमार हसन रज़ा और एक खुले मैनहोल में गिरने से असलम इसाक शेख की भी मौत हुई है।

मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और आने वाले समय में भारी बारिश की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि शहरों में अनियोजित निर्माण और कंक्रीट की वजह से पेड़ों की जड़ों को जगह नहीं मिलती, जिससे वे कमजोर होकर गिर जाते हैं।