Maharashtra में सड़क हादसा, Mumbai-Pune Expressway पर SUV और ट्रक की टक्कर में 2 की मौत, 5 घायल
Maharashtra: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। खलापुर के पास मदाप टनल के बाद 25वें किलोमीटर के निशान पर एक तेज रफ्तार SUV सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में दो लोगों की
Maharashtra: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। खलापुर के पास मदाप टनल के बाद 25वें किलोमीटर के निशान पर एक तेज रफ्तार SUV सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई और एक महिला समेत पांच अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, यह SUV दादर से पुणे जा रही थी जिसमें एक ठेकेदार और छह राजमिस्त्री सवार थे। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान मोहम्मद रहमान मोहम्मद मुस्तैक शेख (33) और गुलाम मुस्तफा कासिमुद्दीन शेख (31) के रूप में हुई है, जो कुर्ला के रहने वाले थे और मूल रूप से कोलकाता से थे। घायल रहीम शेख, अजमल कितबुले, अलीक शेख और अस्मा अलाक तेमुदिन को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल कामोथे में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी देते हुए खलापुर पुलिस इंस्पेक्टर सचिन पवार ने बताया कि भारी बारिश की वजह से विजिबिलिटी कम थी, जिससे SUV ड्राइवर सवाना आनंदन को सामने खड़ा ट्रक नहीं दिखा। ट्रक ड्राइवर महेंद्र कुमार जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने 52 वर्षीय ड्राइवर सवाना आनंदन के खिलाफ बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है।
जांच में सामने आया कि कंटेनर ट्रक रात करीब 2 बजे एक्सल टूटने और टायर निकलने की वजह से खराब होकर सर्विस लेन में खड़ा था। ट्रक ड्राइवर ने पीछे रिफ्लेक्टर लगाया था और हाईवे पेट्रोल टीम ने भी बैरिकेड्स लगाए थे, लेकिन सुबह 11 बजे SUV इन सबको टक्कर मारते हुए ट्रक के पीछे जा घुसी।
बता दें कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गाड़ी रोकना मना है। हादसों को रोकने के लिए MSRDC ने खलापुर (12 किमी) और लोनावला (50 किमी) के पास नए ट्रक ले-बे (हल्टिंग स्पॉट) बनाए हैं। साथ ही, 31 अक्टूबर 2026 तक मिसिंग लिंक सेक्शन में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।