Mumbai में बिजली कटौती से बेहाल लोग, गर्मी से बचने के लिए कार AC और मॉल्स का सहारा ले रहे मम्बईकर
Maharashtra: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में बिजली की भारी कटौती ने लोगों की नाक में दम कर दिया है। गर्मी और बार-बार बिजली जाने की वजह से लोग अब राहत पाने के लिए अजीबोगरीब तरीके अपना रहे हैं। लोग अब अपने घरों के बजाय क
Maharashtra: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में बिजली की भारी कटौती ने लोगों की नाक में दम कर दिया है। गर्मी और बार-बार बिजली जाने की वजह से लोग अब राहत पाने के लिए अजीबोगरीब तरीके अपना रहे हैं। लोग अब अपने घरों के बजाय कार के AC और शॉपिंग मॉल्स में समय बिता रहे हैं ताकि तपती गर्मी से बच सकें।
हालात यह हैं कि कुछ लोग आधी रात के बाद बिजली जाने पर सुबह 4 बजे तक अपनी कारों में AC चलाकर घूम रहे हैं। कई परिवार अब पूरा दिन एयर-कंडीशन्ड मॉल्स में बिता रहे हैं और वहीं खाना-पीना कर रहे हैं। सिर्फ आम लोग ही नहीं, बल्कि ऑफिस जाने वाले कर्मचारी भी परेशान हैं। कई कंपनियों में ऑफिस के जनरेटर केवल जरूरी सेवाओं के लिए चल रहे हैं, इसलिए कर्मचारी पार्किंग लॉट में अपनी कारों में बैठकर ऑनलाइन मीटिंग्स कर रहे हैं। इसके अलावा, लोग अब छोटे रिचार्जेबल हैंडहेल्ड पंखे भी खरीद रहे हैं। बिजली न होने की वजह से लोगों की नींद का समय बदल गया है और वे रात 1 से 4 बजे के बीच सड़कों पर टहलते नजर आ रहे हैं।
इस संकट के पीछे बिजली की मांग में भारी बढ़ोतरी एक बड़ा कारण है। MSEDCL के सुपरइंटेंडिंग इंजीनियर दीपक पाटिल ने बताया कि नवी मुंबई में बिजली की खपत में करीब 30% की वृद्धि हुई है और लो-टेंशन लाइनों में बार-बार खराबी आ रही है। इसे ठीक करने के लिए अतिरिक्त मैनपावर तैनात की गई है और नए सबस्टेशन की योजना है। वहीं, BEST के नेटवर्क में 10 जून को डिमांड 1,000 MW के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। दक्षिण मुंबई में बार-बार बिजली जाने के बाद BEST ने चर्चगेट और मरीन लाइन्स के बीच पुराने केबल्स को बदलना शुरू कर दिया है।
हाल ही में 15 जून को धोबी तालाब स्थित BEST सबस्टेशन में तकनीकी खराबी की वजह से BMC मुख्यालय और आसपास की इमारतों की बिजली दोपहर 11:45 से 12:36 तक गुल रही। BMC के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि इसे 15 से 20 मिनट में ठीक कर लिया गया था। दूसरी ओर, टाटा पावर की पीक डिमांड 1,200 MW और अडानी इलेक्ट्रिसिटी की डिमांड उपनगरों में 2,300 MW से ज्यादा रही है। BEST के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ग्राहकों से अपील की है कि अगर उनके घर या ऑफिस में बिजली का इस्तेमाल बढ़ा है, तो वे इसकी जानकारी दें ताकि लोड लिमिट को रिवाइज किया जा सके और नए ट्रांसफार्मर या केबल लगाए जा सकें।