Mumbai में 23 जुलाई से भीड़ जमा करने पर रोक, 5 या उससे ज्यादा लोग एक साथ नहीं हो सकेंगे इकट्ठा

Maharashtra/Mumbai: मुंबई पुलिस ने शहर में शांति बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लिया है। 23 जुलाई से पूरे शहर में धारा 163 BNSS (पहले की धारा 144) लागू कर दी गई है। इसके तहत अब 5 या उससे ज्यादा लोग एक जगह जमा नहीं हो पाएंगे

Maharashtra/Mumbai: मुंबई पुलिस ने शहर में शांति बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लिया है। 23 जुलाई से पूरे शहर में धारा 163 BNSS (पहले की धारा 144) लागू कर दी गई है। इसके तहत अब 5 या उससे ज्यादा लोग एक जगह जमा नहीं हो पाएंगे। यह आदेश 23 जुलाई की रात 12:01 बजे से शुरू होकर 6 अगस्त की आधी रात तक यानी पूरे 15 दिनों के लिए प्रभावी रहेगा।

यह सख्त कदम पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर उठाया है। डीसीपी (ऑपरेशंस) और एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट अकबर पठान ने आदेश जारी करते हुए कहा कि शहर की शांति भंग होने और संपत्ति को नुकसान पहुंचने का खतरा है। इस दौरान सार्वजनिक जगहों पर जुलूस निकालने, लाउडस्पीकर, म्यूजिकल बैंड का इस्तेमाल करने और पटाखों के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। अगर कोई इन नियमों को तोड़ता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, आम जनता की जरूरतों का ख्याल रखते हुए कुछ चीजों को इससे बाहर रखा गया है। शादी-ब्याह, अंतिम संस्कार, सरकारी दफ्तरों की मीटिंग, क्लबों की नियमित बैठकें, सिनेमा हॉल, थिएटर, कोर्ट, स्कूल-कॉलेज, फैक्ट्रियों और दुकानों में लोगों के इकट्ठा होने पर कोई पाबंदी नहीं होगी। इसके अलावा, जो लोग किसी खास वजह से इकट्ठा होना चाहते हैं, उन्हें अपने इलाके के जोनल डीसीपी से अनुमति लेनी होगी।

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब शहर में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। शरद पवार की NCP (SP) ने मुंबई यूनिवर्सिटी के बाहर प्रदर्शन किया था और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की थी। साथ ही, दिल्ली में NEET पेपर लीक मामले को लेकर Cockroach Janta Party (CJP) के विरोध प्रदर्शनों का असर भी मुंबई में दिख रहा है। सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल और उनके अस्पताल शिफ्ट होने के बाद भी कई एक्टिविस्ट विरोध कर रहे हैं।

हाल ही में शिवाजी पार्क में सोनम वांगचुक के समर्थन में हुए एक प्रदर्शन के बाद मुंबई पुलिस ने आयोजकों पर बिना अनुमति भीड़ जमा करने का मामला दर्ज किया था। उद्धव ठाकरे ने भी इस मुद्दे पर बड़े आंदोलन का आह्वान किया है। इसी तनाव को देखते हुए पुलिस ने पहले ही एहतियाती कदम उठा लिए हैं ताकि शहर में कोई अप्रिय घटना न हो।