Mumbai में साइबर फ्रॉड का शिकार हुए मेटल कंपनी के डायरेक्टर, 2 करोड़ रुपये गंवाए; एक गिरफ्तार

Maharashtra: दक्षिण मुंबई के लेमिंगटन रोड इलाके में एक मेटल बिजनेस कंपनी के डायरेक्टर के साथ करीब 2 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी हुई है। जालसाजों ने कंपनी के कर्मचारी को व्हाट्सएप पर ऐसा मैसेज भेजा जिससे वह धोखा खा गया

Maharashtra: दक्षिण मुंबई के लेमिंगटन रोड इलाके में एक मेटल बिजनेस कंपनी के डायरेक्टर के साथ करीब 2 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी हुई है। जालसाजों ने कंपनी के कर्मचारी को व्हाट्सएप पर ऐसा मैसेज भेजा जिससे वह धोखा खा गया और बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी। इस मामले में मुंबई साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

यह पूरी घटना 21 और 22 जून 2026 के बीच हुई। ठग ने व्हाट्सएप पर कंपनी डायरेक्टर की फोटो लगाई और कर्मचारी को मैसेज किया। उसने दावा किया कि यह उसका पर्सनल नंबर है और निर्देश दिया कि 1.99 करोड़ रुपये किसी दूसरी कंपनी के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए जाएं। कर्मचारी ने बिना ज्यादा जांच किए यह रकम भेज दी। जब इस धोखाधड़ी का पता चला, तो डायरेक्टर ने साइबर पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस फ्रॉड के लिए बैंक अकाउंट मुहैया कराने वाला आरोपी ध्रुव जयसवाल (32 वर्ष) अहमदाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने उसे 1 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। मुंबई साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई रकम में से करीब 1 करोड़ रुपये फ्रीज करने में सफलता पाई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने मेटल एंड स्टेनलेस स्टील मर्चेंट एसोसिएशन (MASSMA) में एक जागरूकता अभियान चलाया था, जिसमें इस तरह के स्कैम के बारे में बताया गया था। पीड़ित कंपनी भी इसी एसोसिएशन की सदस्य थी, लेकिन डायरेक्टर उस सेमिनार में शामिल नहीं हुए थे, जहां इस तरह के खतरों की जानकारी दी जा रही थी।