Mumbai में चॉल गिरने से मां और 5 बच्चों की मौत, Mayor ने निर्माण को बताया अवैध

Maharashtra/Mumbai: मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ जहां जनता नगर में एक चॉल गिर गई। इस हादसे में एक मां और उसके पांच बच्चों की जान चली गई। भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच मलबे में एक व्यक्ति क

Maharashtra/Mumbai: मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ जहां जनता नगर में एक चॉल गिर गई। इस हादसे में एक मां और उसके पांच बच्चों की जान चली गई। भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच मलबे में एक व्यक्ति के दबे होने की आशंका है, जिसकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

यह घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे हुई। मरने वालों में 32 साल की सोनी और उसके बच्चे आलिया (7), मुस्कान (14), निहाल (6), नबिया (2) और मुनाफ (7) शामिल हैं। हादसे में घायल रेहान अली और एक अन्य व्यक्ति का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मुंबई की मेयर ऋतु तावडे ने इस निर्माण को पूरी तरह अवैध बताया। उन्होंने कहा कि यह इमारत सरकारी जमीन पर बनी थी और इसे गोदाम की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था। इस इमारत में तीन अवैध मंजिलें एक के ऊपर एक बनाई गई थीं और उनमें काफी सामान भरा हुआ था, जिसकी वजह से वह बगल वाली इमारत पर गिर गई।

मेयर ने यह भी कहा कि निवासियों को खाली करने के नोटिस दिए गए थे, फिर भी उन्होंने निर्माण जारी रखा। उन्होंने इस अवैध निर्माण के पीछे स्थानीय राजनीतिक नेताओं और समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आज़मी का समर्थन होने का जिक्र किया। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिवारों के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। राज्य आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने मुंबई की सभी खतरनाक और अवैध इमारतों की कड़ी जांच के आदेश दिए हैं।

मुंबई में भारी बारिश और 70-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के कारण रेड अलर्ट जारी किया गया है। मंत्री गिरीश महाजन ने लोगों से अपील की है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, घर से बाहर न निकलें। बारिश के कारण सोमवार को मुंबई के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए। इस मानसून सीजन में अब तक कुल 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें मानखुर्द हादसे के 6 लोग शामिल हैं। भारी बारिश की वजह से मुंबई-पुणे रेल और सड़क मार्ग पर भी लैंडस्लाइड का असर देखा गया है।