Mumbai की 7 झीलों के जलस्तर में बड़ा उछाल, भारी बारिश के बाद बढ़ी पानी की उम्मीद

Maharashtra: मुंबई और आसपास के इलाकों में हुई भारी बारिश से शहर को पानी की बड़ी राहत मिली है। रविवार तक सात झीलों के कुल जलस्तर में 3.8% की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई, जो इस पूरे सीजन की सबसे बड़ी एक दिन की बढ़ोतरी है। इससे उन

Maharashtra: मुंबई और आसपास के इलाकों में हुई भारी बारिश से शहर को पानी की बड़ी राहत मिली है। रविवार तक सात झीलों के कुल जलस्तर में 3.8% की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई, जो इस पूरे सीजन की सबसे बड़ी एक दिन की बढ़ोतरी है। इससे उन लोगों को थोड़ी राहत मिली है जो पानी की कटौती से परेशान थे।

BMC द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, रविवार 5 जुलाई 2026 की सुबह 6 बजे तक सात झीलों में कुल 1,90,898 मिलियन लीटर पानी जमा था। यह झीलों की कुल क्षमता का 13.19% है। शनिवार को यह स्तर 9.4% था, जो 24 घंटे के अंदर तेजी से बढ़ा है। हालांकि, अगर पिछले साल से तुलना करें तो स्थिति अभी भी चिंताजनक है, क्योंकि 5 जुलाई 2025 को जलस्तर 54.27% था।

पानी की कमी को देखते हुए BMC ने पहले ही घरों के लिए 10% और औद्योगिक व व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए 20% पानी की कटौती लागू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा स्टॉक केवल 27 अगस्त तक ही चलेगा। अगर आने वाले दिनों में जलस्तर और नहीं बढ़ा, तो कटौती और बढ़ाई जा सकती है, लेकिन अभी इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। सोमवार को मुंबई और ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट और मंगलवार को येलो अलर्ट रहने की संभावना है। भारी बारिश की चेतावनी के कारण मुंबई यूनिवर्सिटी ने 6 जुलाई को होने वाली परीक्षाओं को आगे बढ़ा दिया है। सोमवार को दिन भर भारी बारिश और रात में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की 95% संभावना जताई गई है।