Mumbai में भारी बारिश से झीलों का जलस्तर बढ़ा, विहार और तुलसी झीलें ओवरफ्लो
Maharashtra: मुंबई में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश ने शहर की प्यास बुझाने वाली झीलों में पानी की मात्रा बढ़ा दी है। सात जलाशयों का कुल जलस्तर अब 41.36 प्रतिशत तक पहुँच गया है। इस बढ़त के साथ ही शहर की दो महत्वपूर
Maharashtra: मुंबई में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश ने शहर की प्यास बुझाने वाली झीलों में पानी की मात्रा बढ़ा दी है। सात जलाशयों का कुल जलस्तर अब 41.36 प्रतिशत तक पहुँच गया है। इस बढ़त के साथ ही शहर की दो महत्वपूर्ण झीलें, विहार और तुलसी, पूरी तरह भर चुकी हैं और ओवरफ्लो हो रही हैं।
बीएमसी (BMC) के मुताबिक, मंगलवार 7 जुलाई की रात 9 बजे विहार झील और रात 11:43 बजे तुलसी झील ओवरफ्लो हुई। ये दोनों झीलें बीएमसी की सीमा के भीतर स्थित हैं। पिछले 48 घंटों में पानी के स्टॉक में 24.44 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी देखी गई है, जबकि सिर्फ पिछले 24 घंटों में यह 12.44 प्रतिशत बढ़ा है। बता दें कि 28 जून को यह स्तर काफी कम था और केवल 7.31 प्रतिशत ही पानी बचा था।
इतनी बारिश और बढ़ते जलस्तर के बावजूद बीएमसी ने फिलहाल पानी की कटौती में कोई बदलाव नहीं किया है। शहर में लागू 10 प्रतिशत का वॉटर कट जारी रहेगा। प्रशासन ने साफ किया है कि इस कटौती को तभी हटाया जाएगा जब सातों झीलें पूरी तरह भर जाएंगी और अगले साल के लिए पर्याप्त पानी का भरोसा होगा।
मौसम विभाग (IMD) ने 8 जुलाई को मुंबई और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। हालांकि, 9 जुलाई से बारिश की रफ्तार धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि एल नीनो (El Nino) के प्रभाव के कारण यह बारिश असामान्य है, इसलिए आने वाले दिनों में सावधानी बरतना जरूरी है। भारी बारिश की वजह से शहर में जलजमाव हुआ है और रेल यातायात पर भी असर पड़ा है।