Mumbai के मशहूर K Rustom आइसक्रीम पार्लर का लाइसेंस रद्द, दुकान में मिले चूहे और एक्सपायर्ड फ्लेवर

Maharashtra: मुंबई के चर्चगेट इलाके में स्थित मशहूर K Rustom आइसक्रीम आउटलेट पर FDA ने बड़ी कार्रवाई की है। फूड सेफ्टी नियमों की अनदेखी और गंदगी मिलने के बाद प्रशासन ने दुकान का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। अब लैब से रिपो

Maharashtra: मुंबई के चर्चगेट इलाके में स्थित मशहूर K Rustom आइसक्रीम आउटलेट पर FDA ने बड़ी कार्रवाई की है। फूड सेफ्टी नियमों की अनदेखी और गंदगी मिलने के बाद प्रशासन ने दुकान का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। अब लैब से रिपोर्ट आने तक इस दुकान को बंद रखने का आदेश दिया गया है।

यह पूरी कार्रवाई FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘Safe Food, Safe Maharashtra’ अभियान के तहत हुई। 7 और 8 जुलाई 2026 को फूड सेफ्टी ऑफिसर्स तेजस्विनी वी. पाटिल और आकाश चव्हाण ने दुकान का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां साफ-सफाई की हालत बहुत खराब मिली और परिसर में जिंदा चूहे और मक्खियां घूमती पाई गईं।

जांच टीम को दुकान में भारी मात्रा में एक्सपायर्ड आर्टिफिशियल फ्लेवरिंग एजेंट और एसेंस मिले। इनमें पिस्ता, पाइनएप्पल, स्ट्रॉबेरी, ब्लैककरेंट और रम जमाइका जैसे कई फ्लेवर शामिल थे, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने यह भी पाया कि आइसक्रीम को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी कोल्ड चेन सिस्टम में गड़बड़ी थी और फूड सेफ्टी के जरूरी रिकॉर्ड भी नहीं रखे गए थे।

लाइसेंस को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट 2006 की धारा 32(3) के तहत सस्पेंड किया गया है। इससे पहले एक बाहरी लैब की रिपोर्ट में यह बात सामने आई थी कि K Rustom की आइसक्रीम में मिल्क फैट केवल 7.94% था, जबकि FSSAI के नियमों के मुताबिक आइसक्रीम में कम से कम 10% मिल्क फैट होना जरूरी है।

राज्य स्तर पर चल रहे इस अभियान में सिर्फ K Rustom ही नहीं, बल्कि अन्य जगहों पर भी कार्रवाई हुई है। धुले के होटल पाटिलवाड़ा और नागपुर के श्री हीरा स्वीट्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस भी सस्पेंड किया गया है, जबकि 10 अन्य दुकानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।