Mumbai में भारी बारिश का कहर, कुर्ला में पेड़ गिरने से दुकानदार की मौत; एक हफ्ते में तीसरी घटना

Maharashtra/Mumbai: मुंबई में भारी बारिश के बीच एक और दर्दनाक हादसा हुआ है। कुर्ला इलाके में एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 साल के यूनुस कुंडवाला की मौत हो गई। यह पिछले एक हफ्ते के अंदर शहर में पेड़ गिरने से होने वाली तीसर

Maharashtra/Mumbai: मुंबई में भारी बारिश के बीच एक और दर्दनाक हादसा हुआ है। कुर्ला इलाके में एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 साल के यूनुस कुंडवाला की मौत हो गई। यह पिछले एक हफ्ते के अंदर शहर में पेड़ गिरने से होने वाली तीसरी मौत है, जिसने नगर निगम के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह हादसा रविवार दोपहर करीब 12:40 बजे कुर्ला वेस्ट के नौपाड़ा में हिंदी BMC स्कूल के पास हुआ। यूनुस कुंडवाला अपनी दुकान के उद्घाटन की तैयारी के लिए वहां पहुंचे थे, तभी अचानक पेड़ उनकी दुकान पर गिर गया। उन्हें मलबे से निकालकर फौजिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो CCTV कैमरे में कैद हो गया है। मौके पर फायर ब्रिगेड, पुलिस और BMC के अधिकारी बचाव कार्य के लिए पहुंचे थे।

मुंबई की मेयर रितु तावडे ने पीड़ित परिवार के लिए 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। मेयर ने पुराने पेड़ों का ऑडिट करने और इस बात की जांच के आदेश दिए हैं कि पेड़ की खराब हालत की चेतावनी मिलने के बाद भी कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान घरों के अंदर रहें और पेड़ों के नीचे वाहन पार्क न करें।

मुंबई में पिछले कुछ दिनों में पेड़ गिरने से तीन लोगों की जान जा चुकी है। 30 जून को चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 साल के विहान श्रीवास्तव की मौत हुई थी, जिसके बाद BMC ने दो अधिकारियों को निलंबित किया था। वहीं 4 जुलाई को गोरेगांव ईस्ट के आरे कॉलोनी में मोटरसाइकिल सवार 18 साल के कुमार हसन रजा की मौत पेड़ की टहनी गिरने से हुई।

BMC ने बताया कि शनिवार को शहर के अलग-अलग हिस्सों में 103 पेड़ या उनकी टहनियां गिरी थीं। आंकड़ों के मुताबिक, 2023 से 2025 के बीच मुंबई में 2,195 से ज्यादा पेड़ गिरे हैं। इस साल मानसून से पहले 468 खतरनाक पेड़ों को हटाया गया और एक लाख से ज्यादा टहनियों की छंटाई की गई। IMD ने मुंबई और ठाणे समेत आसपास के जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। किसी भी आपात स्थिति के लिए BMC ने हेल्पलाइन नंबर 1916 जारी किया है।